गोंडा को 520 करोड़ की 69 विकास परियोजनाओं की सौगात: सीएम योगी मनकापुर और गौरा में करेंगे लोकार्पण व शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोंडा दौरे पर 520 करोड़ रुपये की 69 परियोजनाओं की सौगात देंगे। मनकापुर और गौरा में सड़क, शिक्षा व सेतु निर्माण कार्यों को मिलेगी गति।
गोंडा जनपद में सड़क, शिक्षा और सेतु निर्माण जैसे बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 520 करोड़ रुपये से अधिक लागत की कुल 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जा रहा है। विकास खंड छपिया की ग्राम पंचायत तेजपुर में आयोजित इस वृहद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शिरकत कर क्षेत्रवासियों को इन विकास कार्यों की सौगात देंगे। इस अवसर पर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और वित्तीय सहायता के चेक भी वितरित किए जाएंगे।
जिले के मनकापुर और गौरा विधानसभा क्षेत्रों में इन परियोजनाओं का बड़ा लाभ मिलने जा रहा है। मनकापुर क्षेत्र के अंतर्गत 94 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 9 विकास कार्यों का लोकार्पण संपन्न होगा, जबकि 160 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 20 नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी। इसी क्रम में गौरा विधानसभा क्षेत्र में 53 करोड़ रुपये से अधिक की 19 पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का लोकार्पण और 213 करोड़ रुपये से अधिक की 21 नई योजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।
इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से ग्रामीण व कस्बाई इलाकों में आवागमन सुगम बनेगा और शिक्षा व्यवस्था सहित क्षेत्रीय कनेक्टिविटी में व्यापक सुधार होगा। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह, क्षेत्रीय सांसद करण भूषण सिंह, विधान परिषद सदस्य अवधेश कुमार सिंह उर्फ मंजू सिंह, विधायक रमापति शास्त्री, प्रभात कुमार वर्मा, विनय कुमार द्विवेदी, प्रतीक भूषण सिंह, प्रेम नारायण पाण्डेय, बावन सिंह और अजय सिंह सहित जिला पंचायत प्रशासक घनश्याम मिश्र व अन्य जनप्रतिनिधि तथा प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
What's Your Reaction?

