Sitapur: दिव्यांगों की भव्य तिरंगा यात्रा में गूंजे देशभक्ति के नारे, अनाथ बच्चों को बांटी गई शिक्षा सामग्री
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विशुन नगर चौराहा स्थित आत्मनिर्भर दिव्यांग एकता फाउंडेशन कार्यालय पर
रिपोर्ट- संदीप चौरसिया
खैराबाद/सीतापुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विशुन नगर चौराहा स्थित आत्मनिर्भर दिव्यांग एकता फाउंडेशन कार्यालय पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। मां शारदे और भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण के बाद ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद भव्य दिव्यांग तिरंगा यात्रा निकाली गई। पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि अभिषेक गुप्ता उर्फ बब्लू और थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।
तिरंगा यात्रा बहराइच-सीतापुर मार्ग से थाना परिसर के सामने, पुरानी बाजार होते हुए नगर पालिका परिषद खैराबाद पहुंची। यहां स्वतंत्रता संग्राम सेनानी लाला हरिप्रसाद के स्मारक पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद यात्रा डीजे कॉलेज चौराहे स्थित अल्लामा फैजल हक के स्मारक पर पहुंची, जहां श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। यात्रा पुन: पुरानी बाजार और नगर पालिका होते हुए फाउंडेशन कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।
इस दौरान अनाथ बच्चों को शिक्षा सामग्री वितरित की गई। यात्रा में शामिल दिव्यांगजन और अन्य लोगों ने देशभक्ति के नारे लगाए। इससे पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। आयोजन का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम की भावना को मजबूत करना रहा।
पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि अभिषेक गुप्ता ने कहा कि तिरंगा देश के गौरव, स्वाभिमान और एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत करने के साथ उन्हें देश के प्रति अपने दायित्वों के लिए प्रेरित करते हैं। प्रदेश अध्यक्ष हरीशंकर गुप्ता ने कहा कि भव्य दिव्यांग तिरंगा यात्रा पूरे उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। ऐसे आयोजनों से राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचता है।
इस अवसर पर फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव सिंह, प्रबंधक/सचिव बिन्दू मौर्या कोषाध्यक्ष विजय पाल, गुड्डू, हरिलाल, कासिम, राजेंद्र, , प्रीति, कालिंद्री, मानसी सहित सैकड़ों दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने तथा देशहित में अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।
What's Your Reaction?







