Hardoi: बस अड्डे पर परिजनों से बिछड़ा तीन वर्षीय मासूम, 'ऑपरेशन स्माइल' के तहत पुलिस ने सकुशल मिलाया

हरदोई बस स्टैंड पर परिजनों से बिछड़े 3 वर्षीय मासूम को कोतवाली शहर पुलिस ने ऑपरेशन स्माइल के तहत सकुशल ढूंढकर माता-पिता को सौंपा।

Aug 29, 2026 - 14:14
7 Views
Hardoi: बस अड्डे पर परिजनों से बिछड़ा तीन वर्षीय मासूम, 'ऑपरेशन स्माइल' के तहत पुलिस ने सकुशल मिलाया

हरदोई के बस स्टैंड पर भीड़भाड़ के बीच परिजनों से बिछड़े तीन वर्षीय मासूम बच्चे को कोतवाली शहर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित खोज निकाला और उसके परिवार को सौंप दिया। रक्षाबंधन पर्व और 'ऑपरेशन स्माइल' अभियान के तहत बस अड्डे पर सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस टीम को एक छोटा बच्चा रोता हुआ मिला। पुलिसकर्मियों ने तुरंत बच्चे को अपने संरक्षण में लिया और महिला आरक्षियों की देखरेख में उसे शांत कराया। इसके बाद क्षेत्राधिकारी नगर अजीत चौहान के नेतृत्व में गठित टीम ने लाउड हेलर व स्थानीय लोगों की मदद से बस अड्डे और आसपास सघन खोजबीन अभियान चलाया।

सघन प्रयासों के बाद पुलिस ने बच्चे के परिजनों का पता लगा लिया। बच्चे की पहचान शाहजहांपुर के तिलहर निवासी बृज कुमार कश्यप और खुशबू के तीन वर्षीय पुत्र कृष्णा के रूप में हुई। आवश्यक पहचान प्रक्रिया पूरी कर बच्चे को सकुशल उसके माता-पिता की गोद में सौंपा गया। अपने खोए हुए बच्चे को सकुशल वापस पाकर भावुक परिजनों ने हरदोई पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। इस सराहनीय कार्य में प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी, उपनिरीक्षक कौशल किशोर यादव, उपनिरीक्षक थान सिंह, सिपाही विनीत समेत महिला सिपाही प्रियंका चौहान, अकलीमा खान, प्रियंका भट्ट और आयूषी की टीम शामिल रही।

Also Read- Delhi Cyber Crime: रिटायर्ड कर्नल को डिजिटल अरेस्ट कर 15.50 लाख की ठगी, कंबोडिया-दुबई सिंडिकेट के 4 आरोपी गिरफ्तार

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow