Lucknow : योगी सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर वृहद ऋण शिविर का आयोजन, 112 लाभार्थियों को 370 करोड़ रुपये के ऋण वितरित
कार्यक्रम के दौरान दोनों मंत्रियों ने जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, लखनऊ द्वारा लगाए गए हस्तशिल्पियों एवं उद्यमियों के स्टालों का अवलोकन किया तथा विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इ
- युवाओं को रोजगार लेने वाला नहीं, देने वाला बनाने पर सरकार का फोकस
- एमएसएमई, ओडीओपी व स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भरता को मिल रही नई दिशा
- योगी सरकार की प्राथमिकता, हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे : मंत्री सुरेश खन्ना
- ओडीओपी उत्पादों ने वैश्विक पहचान बनाई है और निर्यात में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं : मंत्री राकेश सचान
लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार के नवनिर्माण के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में वृहद ऋण शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उत्पादन एवं वस्त्र विभाग के मंत्री राकेश सचान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान दोनों मंत्रियों ने जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, लखनऊ द्वारा लगाए गए हस्तशिल्पियों एवं उद्यमियों के स्टालों का अवलोकन किया तथा विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, ओडीओपी वित्त पोषण सहायता योजना, ओडीओपी टूलकिट योजना तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई।
कार्यक्रम में 112 लाभार्थियों को लगभग 370 करोड़ रुपये के ऋण के चेक वितरित किए गए तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के प्रशिक्षार्थियों को उन्नत टूलकिट प्रदान कर स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया गया।
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ अधिकतम पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में बैंकों की सक्रिय भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि योगी सरकार की प्राथमिकता है कि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे। मंत्री राकेश सचान ने कहा कि प्रदेश में 75 जिलों में वृहद स्तर पर ऋण वितरण कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं, स्वयं सहायता समूहों, एमएसएमई इकाइयों एवं हस्तशिल्पियों को सशक्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है। उन्होंने बताया कि विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन हुआ है और इस वर्ष 1.5 लाख युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें अब तक 1.36 लाख से अधिक युवाओं को जोड़ा जा चुका है।
उन्होंने कहा कि ओडीओपी उत्पादों ने वैश्विक पहचान बनाई है और निर्यात में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना तथा अन्य योजनाओं के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण, टूलकिट एवं सस्ती दरों पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक जनपद में रोजगार एवं औद्योगिक जोन विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत देशभर में करोड़ों कारीगरों को लाभान्वित किया जा रहा है, जिससे पारंपरिक कारीगरी को नई पहचान मिल रही है। साथ ही ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन व्यंजन’ योजना के माध्यम से स्थानीय उत्पादों एवं व्यंजनों को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, बैंकिंग क्षेत्र के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में उद्यमी एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।
Also Click : Hardoi : शाहाबाद क्षेत्राधिकारी कार्यालय का कायाकल्प, पुलिस अधीक्षक ने किया उद्घाटन
What's Your Reaction?









