लखनऊ में आईआईएम-मड़ियांव मार्ग पर भीषण जलभराव से हाहाकार: राहगीरों और स्कूली बच्चों की बढ़ी मुश्किलें, सड़क पर पलट रहे वाहन
लखनऊ में आईआईएम-मड़ियांव मार्ग पर बेरी होटल के पास भारी जलभराव से लोग परेशान हैं। गड्ढों और पानी के कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं, स्थायी समाधान की मांग।
राजधानी लखनऊ में आईआईएम से मड़ियांव-सीतापुर जॉइंट रोड पर बेरी होटल के समीप वर्षा के कारण उत्पन्न हुआ गंभीर जलभराव आम जनता के लिए भारी मुसीबत का कारण बन गया है। इस प्रमुख मार्ग पर पानी की उचित निकासी न होने के चलते कई दिनों तक घुटनों तक गंदा पानी जमा रहता है। व्यस्त संपर्क मार्ग होने की वजह से यहां से रोजाना गुजरने वाले हजारों राहगीरों, वाहन चालकों, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को अत्यंत जोखिम भरे हालात में सफर करने को विवश होना पड़ रहा है।
सड़क पर लंबे समय से भरे बरसाती पानी के कारण गहरे गड्ढे छिप जाते हैं, जिससे आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। पानी के तेज बहाव और जलमग्न सड़क की वजह से कई बार तिपहिया वाहन और ऑटो रिक्शा पलट चुके हैं, जिससे सवारियों के घायल होने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पैदल चलने वाले स्कूली छात्र-छात्राओं और बुजुर्गों को इस रास्ते से निकलने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय निवासियों और दुकानदारों का कहना है कि यह समस्या हर साल बरसात के मौसम में विकराल रूप धारण कर लेती है, लेकिन जल निकासी के किसी ठोस और स्थायी प्रबंध के अभाव में स्थिति जस की तस बनी हुई है। क्षेत्रवासियों ने नगर निगम और संबंधित कार्यदायी संस्थाओं से मामले की गंभीरता को देखते हुए सड़क की मरम्मत कराने तथा ड्रेनेज व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त कर समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।
Also Click : Hardoi: श्रीमऊ को मिली 90 लाख के 'किसान सेवा केंद्र' की सौगात, विधायक रानू के प्रयासों से जगी विकास की नई आस
What's Your Reaction?







