मुख्यमंत्री योगी की बड़ी पहल: बौद्ध और सिख श्रद्धालुओं के लिए ‘बौद्ध तीर्थ दर्शन’ और ‘पंच तख्त यात्रा’ योजना शुरू। 

Chief Minister Yogi Adityanath: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बौद्ध और सिख श्रद्धालुओं की धार्मिक यात्राओं की आस पूरी करने के लिए एक बड़ा निर्णय लिया है...

By INA News Desk
Jul 5, 2025 - 14:46
59 Views
मुख्यमंत्री योगी की बड़ी पहल: बौद्ध और सिख श्रद्धालुओं के लिए ‘बौद्ध तीर्थ दर्शन’ और ‘पंच तख्त यात्रा’ योजना शुरू। 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने सरकारी आवास पर धर्मार्थ कार्य विभाग की समीक्षा बैठक करते हुए
Advertisement
Advertisement
  • बौद्ध और सिख श्रद्धालुओं की तीर्थ यात्रा की आस पूरी कराएगी योगी सरकार
  • मुख्यमंत्री की पहल, बौद्ध व सिख श्रद्धालुओं के लिए शुरू होंगी दो तीर्थ यात्रा योजनाएं
  • आस्था को सम्मान, बौद्ध तीर्थ दर्शन और पंच तख्त यात्रा योजना का ऐलान
  • धार्मिक सहिष्णुता और पर्यटन को नया आयाम देंगी नई तीर्थ यात्रा योजनाएं: मुख्यमंत्री
  • तीर्थ यात्राएं आत्मिक उत्थान और सामाजिक समरसता का माध्यम: मुख्यमंत्री
  • मुख्यमंत्री योगी का सांस्कृतिक समरसता मॉडल: बौद्ध व सिख श्रद्धालुओं को मिलेगी यात्रा पर ₹10,000 की मदद, सरकार कराएगी पूरी व्यवस्था
  • बौद्ध और सिख श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी, उत्तर प्रदेश सरकार देगी तीर्थ यात्रा का खर्च

Lucknow: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बौद्ध और सिख श्रद्धालुओं की धार्मिक यात्राओं की आस पूरी करने के लिए एक बड़ा निर्णय लिया है। शनिवार को एक महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि तीर्थ यात्राएं भारतीय संस्कृति में आत्मिक उत्थान और सामाजिक समरसता का माध्यम रही हैं। ऐसे में राज्य सरकार का दायित्व है कि वह नागरिकों को उनकी आस्था से जुड़े स्थलों तक पहुंचने में सहायता प्रदान करे। 

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि बौद्ध श्रद्धालुओं की विशिष्ट तीर्थ यात्राओं हेतु ‘बौद्ध तीर्थ दर्शन योजना’ और सिख श्रद्धालुओं के लिए ‘पंच तख्त यात्रा योजना’ प्रारम्भ की जाए। इन योजनाओं के माध्यम से श्रद्धालुओं को आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाएगा, जिससे वे अपनी आस्था के प्रमुख तीर्थस्थलों की यात्रा सुलभता से कर सकें। 

मुख्यमंत्री के मंशानुसार बौद्ध तीर्थ दर्शन योजना का उद्देश्य प्रदेश के निवासी हिन्दू/बौद्ध श्रद्धालुओं को देश के विभिन्न भागों में स्थित बौद्ध तीर्थ स्थलों की यात्रा की साध पूरी कराना है। मुख्यमंत्री ने योजना के लाभार्थियों के चयन में बौद्ध भिक्षुओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

इसी प्रकार, पंच तख्त यात्रा योजना सिख श्रद्धालुओं के लिए होगी। इसके अंतर्गत प्रदेश के निवासी सिख श्रद्धालुओं को भारत के पाँच पवित्र ‘तख्त साहिब’ स्थल की यात्रा कराई जाएगी। बता दें कि सिख पंथ के लिए पवित्र पंच तख्त स्थलों में 'आनंदपुर साहिब, पंजाब, अकाल तख्त साहिब, अमृतसर, पंजाब, दमदमा साहिब, तलवंडी साबो, पंजाब, तख्त सचखंड हजूर साहिब, नांदेड़, महाराष्ट्र, हरमंदिर जी साहिब (पटना साहिब), बिहार,' शामिल हैं।

प्रस्तावित दोनों ही योजनाओं में प्रति व्यक्ति न्यूनतम ₹10,000 की राशि अनुदान के रूप में प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि दोनों योजनाओं के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी जानी चाहिए, श्रद्धालुओं के चयन में पूरी पारदर्शिता के साथ कमजोर आय वर्ग के लोगों को वरीयता दी जानी चाहिए। दोनो ही योजनाएं आईआरसीटीसी के सहयोग से संचालित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ये दोनों योजनाएं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और धार्मिक आस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लागू की जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि ये योजनाएं प्रदेश की समावेशी विकास नीति और 'सबका साथ, सबका विकास' की भावना को और सशक्त करेंगी। प्रदेश की धार्मिक सहिष्णुता और पर्यटन को नया आयाम देंगी, साथ ही ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को भी मूर्त रूप प्रदान करेंगी।

Also Read- Hardoi: 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान- आंबेडकर पार्क में पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण पर जोर।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement