Sambhal : मासूम से दरिंदगी का आरोपी ‘मैरी’ ने पकड़वाया, सूंघकर पहुंची दरिंदे के घर; SP ने दिया 10 हजार का इनाम
डॉग मैरी ने घटनास्थल से मिले गमछे को सूंघा और पुलिस को गांव पंवारी निवासी 34 वर्षीय संदीप पुत्र हरस्वरूप के घर तक पहुंचा दिया। हालांकि आरोपी उस समय फरार मिला, लेकिन मैरी के सुराग के आधार पर पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
जनपद सम्भल के बबराला थाना क्षेत्र में छह वर्षीय मासूम बच्ची से दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले का खुलासा पुलिस की डॉग स्क्वाड टीम की सदस्य "मैरी" ने कर दिया। घटनास्थल से मिले एक गमछे की गंध के सहारे मैरी सीधे आरोपी के घर तक पहुंच गई, जिससे पुलिस को मामले के खुलासे में बड़ी सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार 19 जून को पीड़िता के पिता ने थाना बबराला में तहरीर देकर बताया था कि उनकी छह वर्षीय बेटी 18 जून की शाम घर के बाहर खेलते-खेलते कुछ दूरी पर चली गई थी। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम और पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां से एक गमछा बरामद हुआ। सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से आरोपी की पहचान की कोशिश की गई, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डॉग स्क्वाड टीम को बुलाया गया।
डॉग मैरी ने घटनास्थल से मिले गमछे को सूंघा और पुलिस को गांव पंवारी निवासी 34 वर्षीय संदीप पुत्र हरस्वरूप के घर तक पहुंचा दिया। हालांकि आरोपी उस समय फरार मिला, लेकिन मैरी के सुराग के आधार पर पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी। चेकिंग के दौरान पुलिस मुठभेड़ में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना के सफल अनावरण पर पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार ने डॉग स्क्वाड की सदस्य मैरी को 10 हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मैरी अपने बैच की गोल्ड मेडलिस्ट है और वर्ष 2019 से सम्भल पुलिस में सेवाएं दे रही है। इससे पहले भी वह हत्या और चोरी जैसे कई गंभीर मामलों के खुलासे में अहम भूमिका निभा चुकी है।
Also Click : Saharanpur : सहारनपुर में यूपी एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में सवा लाख का इनामी कुख्यात अपराधी ललन सिंह ढेर
What's Your Reaction?







