Sitapur: नैमिषारण्य में 30 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर दी जान, हरिद्वार से सुबह ही लौटा था घर 

नैमिषारण्य थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गंज मुरादाबाद में शुक्रवार को एक 30 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली

Aug 21, 2026 - 17:02
47 Views
Sitapur: नैमिषारण्य में 30 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर दी जान, हरिद्वार से सुबह ही लौटा था घर 

रिपोर्ट- सुरेंद्र मोठी, नैमिषारण्य

सीतापुर। नैमिषारण्य थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गंज मुरादाबाद में शुक्रवार को एक 30 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मिली जानकारी के अनुसार युवक हरिद्वार में काम करता था और घटना वाले दिन ही सुबह अपने घर लौटा था। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

मृतक की पहचान सचिन (30) पुत्र नेपाल, निवासी ग्राम गंज मुरादाबाद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सचिन सुबह हरिद्वार से घर पहुंचा था। घर आने के बाद वह अपने कमरे में चला गया, जहां उसने फांसी लगा ली।

जानकारी होने पर परिजनों ने आनन-फानन में उसे फंदे से नीचे उतारा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नैमिषारण्य लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. जयप्रकाश पटेल ने बताया कि सचिन को अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था तथा उसके गले पर फंदे के निशान मौजूद थे।

परिजनों का कहना है कि घर में किसी तरह का कोई विवाद नहीं था। बताया जा रहा है कि सचिन लंबे समय से पेट में पथरी की बीमारी से परेशान था। आशंका जताई जा रही है कि बीमारी से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया, हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

थाना प्रभारी नवनीत मिश्रा ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Also Click : Lucknow: आईटीआई को उद्योगों से जोड़कर युवाओं के लिए बढ़ाएं रोजगार के अवसर: मुख्यमंत्री योगी

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow