Hardoi News: 4393.40 लाख से पलिया- पांचाल घाट बाया बेड़ीजोर मार्ग का होगा चौड़ीकरण, तीन जनपदों के लाखों लोग होंगे लाभान्वित।
फिलहाल यह सड़क तीन मीटर चौड़ी सिंगल रोड़ है, सात मीटर चौड़ी सड़क बनने से स्थानीय लोगों के पास आवागमन का बेहतर विकल्प होगा।
हरदोई। कटरा बिल्लौर हाइवे से फर्रुखाबाद को सीधा जोड़ने के लिए पलिया, बेड़ीजोर व करहल होते हुए पांचालघाट तक जाने वाले ग्रामीण मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढीकरण किया जाएगा। पलिया से जनपद की सीमा तक लगभग के 12 .560 किलोमीटर को बनाने के लिए नाबार्ड से 4393.40 लाख के बजट का अनुमोदन हो गया है।
अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड प्रथम सुमंत कुमार ने बताया पलिया से बेड़ीजोर व करहल होते हुए पांचालघाट तक सड़क मार्ग बनने से तीन जनपदों के लाखों लोग लाभान्वित होंगे। पलिया बेड़ीजोर, करहल, पांचालघाट मार्ग पर ख्यालपुर, किरतियापुर, टिकार, बेड़ीजोर, दहेलिया, गढ़िया,चाऊपुर सहित बड़ी संख्या में छोटी बड़ी बसावटें पड़ती हैं। फर्रुखाबाद जनपद के सरेसर, बारामऊ, सलेमपुर सहित कई गांव भी इस मार्ग पर पड़ते हैं। फिलहाल यह सड़क तीन मीटर चौड़ी सिंगल रोड़ है, सात मीटर चौड़ी सड़क बनने से स्थानीय लोगों के पास आवागमन का बेहतर विकल्प होगा। वहीं इस मार्ग से के बनने से बिलग्राम सांडी अल्लागंज स्टेट हाइवे 138 से फर्रुखाबाद मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग-730 सीधे जुड़ जाएंगे। वहीं इस मार्ग के चियासर के पास बनाए जा रहे पैंटून पुल से कन्नौज जनपद का गुरसहायगंज भी हरदोई जनपद के इस हिस्से से सीधे जुड़ जाएगा। अधिशासी अभियंता ने बताया वित्तीय अनुमोदन हो चुका है, बजट आवंटन होते ही टेंडरिंग प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
- 50 करोड़ की लागत से बनेगा सांडी बाईपास, तैयार हो गया प्रस्ताव
बड़े एवं भारी वाहनों के आवागमन से सांडी नगर में दिन रात जाम की समस्या लगी रहती है। स्थानीय लोगों को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए सांसद जयप्रकाश एवं विधायक प्रभाष कुमार ने सांडी बाईपास बनाने का प्रस्ताव दिया है। अधिशासी अभियंता सुमंत कुमार ने बताया लगभग छह किलोमीटर लंबे बाईपास का प्रस्ताव तैयार होने को है। इसको बनाने में लगभग 50 करोड़ की लागत आएगी। बताया जल्द ही प्रस्ताव भेज दिया जाएगा। बजट आवंटन होते ही बाईपास निर्माण का कार्य शुरू करवा देंगे।
What's Your Reaction?