Ballia: हल्दी में पुलिस मुठभेड़: हत्या का वांछित आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली।
रात में घेराबंदी के दौरान बदमाश ने पुलिस पर की फायरिंग अवैध तमंचा व कारतूस बरामद, सीएचसी सोनवानी में इलाज जारी
Report- SYED ASIF HUSSAIN ZAIDI
बलिया। हल्दी थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में हत्या के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना 11 मार्च को करीब 1:04 बजे मुडाडीह से सोनवानी जाने वाले मार्ग पर हनुमान मंदिर से लगभग 300 मीटर पश्चिम की है।
रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या के मामले में वांछित आरोपी क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मनोज यादव (32) पुत्र शिवधारी यादव, निवासी बबुआपुर कठही थाना हल्दी के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल हालत में उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए सीएचसी सोनवानी भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने 9 मार्च की रात रौनक यादव उर्फ नकी यादव की हत्या की थी। उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
- एएसपी कृपा शंकर: मुठभेड़ में हत्या का आरोपी गिरफ्तार
बलिया। अपर पुलिस अधीक्षक कृपा शंकर ने बताया कि हल्दी थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान हत्या के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि 11 मार्च की तड़के करीब 1:04 बजे पुलिस टीम मुडाडीह से सोनवानी मार्ग पर रात्रि गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर संदिग्ध को घेरने का प्रयास किया गया।
घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी मनोज यादव के बाएं पैर में गोली लग गई। उसे मौके से गिरफ्तार कर इलाज के लिए सीएचसी सोनवानी भेजा गया। पुलिस के अनुसार आरोपी 9 मार्च को हुई रौनक यादव उर्फ नकी यादव की हत्या के मामले में वांछित था। उसके पास से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है।
What's Your Reaction?











