Sambhal : कोचिंग सेंटरों पर प्रशासन का शिकंजा, बेसमेंट में चल रही कक्षाएं बंद कराई गईं
नायाब तहसीलदार अरविंद कुमार ने बताया कि प्रशासनिक टीम फिलहाल जनहित कंप्यूटर सेंटर पर भी पहुंची, जहां व्यवस्थाएं अपेक्षाकृत बेहतर मिलीं। सेंटर में पर्याप्त वेंटिलेशन की व्यवस्था थी और सीमित सीटों के अनुसार कई शिफ्टों में प्रशिक्षण दिया जा रहा था।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल में कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी की सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए प्रशासन ने सख्त अभियान चलाया। नायाब तहसीलदार अरविंद कुमार के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान चार संस्थानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें दो लाइब्रेरी और दो कंप्यूटर सेंटर शामिल रहे। जांच में दो सेंटर बेसमेंट में संचालित होते पाए गए, जबकि दो भूतल पर चल रहे थे।
निरीक्षण के दौरान बेसमेंट में चल रहे दोनों सेंटरों में गंभीर सुरक्षा खामियां सामने आईं। अधिकारियों ने पाया कि इन संस्थानों में आने-जाने के लिए केवल एक ही रास्ता मौजूद था, जो किसी भी आपात स्थिति में खतरे का कारण बन सकता है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से वहां कक्षाएं बंद कराकर छात्रों की छुट्टी करा दी।
नायाब तहसीलदार अरविंद कुमार ने बताया कि प्रशासनिक टीम फिलहाल जनहित कंप्यूटर सेंटर पर भी पहुंची, जहां व्यवस्थाएं अपेक्षाकृत बेहतर मिलीं। सेंटर में पर्याप्त वेंटिलेशन की व्यवस्था थी और सीमित सीटों के अनुसार कई शिफ्टों में प्रशिक्षण दिया जा रहा था।
उन्होंने यह भी बताया कि इसी संस्थान में एक दिव्यांग छात्रा ट्रिपल सी (CCC) का कोर्स कर रही है, जो अपने पैरों की सहायता से कंप्यूटर माउस चलाकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशों के अनुसार आगे भी लगातार निरीक्षण और कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?




