Sambhal : सम्भल में फिल्म पर विवाद, निर्माता-निर्देशक समेत चार पर FIR दर्ज
शिकायत में कहा गया है कि फिल्म के दृश्य और कहानी समाज में वैमनस्य फैलाने वाले हैं और इससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है। एफआईआर में आरोप है कि फिल्म में यादव समाज की लड़की और
Report : उवैस दानिश, सम्भल
जनपद सम्भल के थाना धनारी में एक हिंदी फिल्म को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। फिल्म में कथित आपत्तिजनक दृश्यों और संवादों के जरिए समाज विशेष की भावनाएं आहत करने के आरोप में पुलिस ने फिल्म निर्माता, निर्देशक और अन्य सहयोगियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, यह मुकदमा भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 353(2) के तहत दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता अरविंद कुमार निवासी ग्राम भकरौली, थाना धनारी, जनपद सम्भल ने आरोप लगाया है कि संबंधित हिंदी फिल्म में उनकी जाति और समाज को गलत व आपत्तिजनक तरीके से प्रस्तुत किया गया है। शिकायत में कहा गया है कि फिल्म के दृश्य और कहानी समाज में वैमनस्य फैलाने वाले हैं और इससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है।
एफआईआर में आरोप है कि फिल्म में यादव समाज की लड़की और अन्य समाज के लड़के की प्रेम कहानी को कथित रूप से तोड़-मरोड़ कर दिखाया गया है, जिससे समाज की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। शिकायतकर्ता का कहना है कि फिल्म का प्रदर्शन होने पर सामाजिक तनाव पैदा हो सकता है। पुलिस ने इस मामले में फिल्म निर्माता संदीप तोमर, निर्देशक अंकित भडाना, हीरोइन प्रगति तिवारी और हीरो विशाल मोहन को नामजद किया है। थाना धनारी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विवेचना का जिम्मा उपनिरीक्षक सदाकत अली को सौंपा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, फिल्म को लेकर जनपद में चर्चा तेज हो गई है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Also Click : Sitapur : नैमिषारण्य में 84 कोसीय परिक्रमा शुरू, रामादल के जयघोष के साथ लाखों श्रद्धालु नंगे पैर चलेंगे
What's Your Reaction?











