Hardoi: दुकानदार पर जानलेवा हमला, सोने की चेन लूटी; चार सगे भाइयों पर मुकदमा दर्ज
कोतवाली क्षेत्र के ककरा गांव में रविवार देर शाम एक दुकानदार के साथ मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। आरोप है
हरपालपुर। कोतवाली क्षेत्र के ककरा गांव में रविवार देर शाम एक दुकानदार के साथ मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। आरोप है कि चार सगे भाइयों ने दुकानदार पर जानलेवा हमला किया और उनकी सोने की चेन लूट ली। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार ककरा निवासी पीड़ित शिवप्रताप सिंह उर्फ मोनू पुत्र बलवीर सिंह ने पुलिस को बताया कि रविवार शाम करीब 6 बजे वह अपनी दुकान बंद करके घर लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने देखा कि एक ट्रांसफार्मर ले जा रही गाड़ी का पहिया फंस गया था, जहां गांव के सद्दाम खान, फारूक, फुजैल खान और लुकमान उर्फ भन्ने (सभी पुत्र जाकिर) गाड़ी चालक के साथ अभद्रता और गाली-गलौज कर रहे थे।पीड़ित के अनुसार, जब उन्होंने बीच-बचाव करते हुए ऐसा न करने को कहा, तो आरोपी भड़क गए। आरोप है कि आरोपियों ने मिलकर शिवप्रताप पर जानलेवा हमला कर दिया, उनका गला दबाया और लात-घूसों से बुरी तरह पीटा। इस दौरान सद्दाम खान ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली और जान से मारने की धमकी देते हुए सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी। कोतवाल संदीप शुक्ला ने बताया कि शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ आपराधिक धमकी, मारपीट और लूट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और संलिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?




