Sitapur News: सकरन की भैंसहा ग्राम पंचायत में विकास कार्य ठप, ग्रामीणों ने अधिकारियों से की शिकायत
सीतापुर के सकरन ब्लॉक की भैंसहा ग्राम पंचायत में विकास कार्य ठप होने पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा। आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर जांच की मांग की।
Report : संदीप चौरसिया INA NEWS सीतापुर
सकरन की भैंसहा ग्राम पंचायत में विकास कार्य ठप होने से ग्रामीणों में रोष, जांच की मांग
सीतापुर जिले के सकरन विकास खंड की भैंसहा ग्राम पंचायत में बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी और विकास कार्य ठप होने पर ग्रामीणों का असंतोष सामने आया है। गांव में लंबे समय से अधूरे पड़े निर्माण कार्यों और प्रशासनिक शिथिलता से परेशान स्थानीय निवासियों ने आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई है।
ग्रामीणों द्वारा दी गई शिकायत में बताया गया है कि अन्नपूर्णा भवन और आंगनबाड़ी केंद्र को जोड़ने वाले मुख्य रास्ते सहित गांव के करीब 14 संपर्क मार्ग लंबे समय से निर्माण की बाट जोह रहे हैं। बारिश के दौरान इन रास्तों पर पानी और कीचड़ जमा होने के कारण लोगों का पैदल निकलना भी दूभर हो गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंचायत सचिव शशिकांत तिवारी और पंचायत मित्र उपेंद्र शुक्ल की लापरवाही के कारण कागजों पर तो काम दिखाया जा रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति बेहद खराब है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पंचायत स्तर पर कराए गए अब तक के कार्यों और लंबित योजनाओं की निष्पक्ष पड़ताल होनी चाहिए। इस मामले में अर्जुनलाल, असर्फी, सुरेश, रामविलास, बैजनाथ, रामपाल, शत्रोहन, अनूप, रमेश, जोधाराम, सतेन्द्र, विजय, कमलेश, कैलाश और जमुना प्रसाद सहित दर्जनों ग्रामीणों ने संयुक्त पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। अब क्षेत्र के लोगों की नजरें जिला प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।
Also Click : हरदोई में ऑपरेशन स्माइल के तहत बड़ी सफलता, 3 घंटे में मिले लापता बच्चे
What's Your Reaction?




