Hardoi News: हरदोई में ‘दृष्टि’ की बैठक: विधायक रामपाल वर्मा ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति (दृष्टि) की बैठक शुक्रवार को विकास भवन स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में समिति
हरदोई। जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति (दृष्टि) की बैठक शुक्रवार को विकास भवन स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में समिति के अध्यक्ष एवं बालामऊ विधायक रामपाल वर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में सवायजपुर विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह ‘रानू’ की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान शासन द्वारा संचालित विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं एवं विकास कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए विधायक रामपाल वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लाभार्थीपरक योजनाओं का प्रभावी एवं पारदर्शी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लोगों को समय से योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए होर्डिंग, वॉल पेंटिंग, पंपलेट, गोष्ठियों सहित विभिन्न प्रचार माध्यमों का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए।
उन्होंने रोजगार, श्रम, कृषि एवं उद्यान सहित अन्य विभागों के अधिकारियों से कहा कि विकासखंड स्तर पर गोष्ठियों का आयोजन कर आमजन को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जाए तथा मौके पर आवेदन प्राप्त कर पात्र लोगों को लाभान्वित किया जाए। कन्या सुमंगला योजना का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कराने के भी निर्देश दिए गए। विधायक रामपाल वर्मा ने निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि क्षेत्र में होने वाले निर्माण कार्यों की जानकारी संबंधित जनप्रतिनिधियों को आवश्यक रूप से दी जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने जनसमस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शिकायतकर्ता को एक ही समस्या के लिए बार-बार शिकायत न करनी पड़े। इसके लिए अधिकारी शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत पात्र शिक्षकों के समयबद्ध आवेदन कराने तथा आयुष्मान योजना के तहत सभी पात्र लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड शीघ्र जारी कराने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट संस्कृति त्रिवेदी, परियोजना निदेशक अशोक कुमार मौर्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?







