Seva Sankalp Abhiyan Hardoi: 17 विद्यालयों में करियर काउंसलिंग, 6115 छात्र-छात्राओं को मिला मार्गदर्शन

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद हरदोई के 17 विद्यालयों में करियर काउंसलिंग एवं विद्यार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित

By INA News Desk
Sep 23, 2026 - 19:36
4 Views
Seva Sankalp Abhiyan Hardoi: 17 विद्यालयों में करियर काउंसलिंग, 6115 छात्र-छात्राओं को मिला मार्गदर्शन

हरदोई। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद हरदोई के 17 विद्यालयों में करियर काउंसलिंग एवं विद्यार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। विभिन्न विद्यालयों में जनपद के अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, तकनीकी शिक्षा, प्रशासनिक सेवाओं और विभिन्न रोजगारपरक क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रमों के माध्यम से करीब 6115 छात्र-छात्राएं लाभान्वित हुए, जबकि 200 से अधिक अध्यापकों एवं करीब 330 अन्य प्रतिभागियों ने भी कार्यक्रमों में सहभागिता की।

वेणी माधव इंटर कॉलेज में CDO ने विद्यार्थियों से किया संवाद

हरदोई के प्रतिष्ठित वेणी माधव इंटर कॉलेज में मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल ने विद्यार्थियों के साथ करियर काउंसलिंग एवं संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक तथा अधिशासी अभियंता, आरईडी भी मौजूद रहे। अधिशासी अभियंता आरईडी ने विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग, पॉलिटेक्निक एवं आईटीआई के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं, प्रवेश परीक्षाओं और तैयारी के संबंध में जानकारी दी। वहीं जिला विद्यालय निरीक्षक ने शिक्षा के क्षेत्र में प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा में अध्यापन के अवसरों के साथ-साथ विधि (LLB) क्षेत्र में करियर की संभावनाओं से विद्यार्थियों को अवगत कराया।

मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यार्थियों को आईएएस एवं सिविल सेवा परीक्षा की प्रक्रिया, योग्यता, विषय चयन और तैयारी की रणनीति के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों ने भी अपनी जिज्ञासाओं और पढ़ाई से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका मुख्य विकास अधिकारी ने जवाब दिया। सीडीओ ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर उसी के अनुरूप पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी रुचि के विषयों पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी के संदर्भ में कक्षा 6 से 12 तक की पुस्तकों का गंभीरता से अध्ययन करने पर भी जोर दिया।

विभिन्न विद्यालयों में अधिकारियों ने किया संवाद

एसडीएम सदर मयंक कुंडू ने विद्यापीठ इंटर कॉलेज, बावन में विद्यार्थियों से संवाद किया। रफी अहमद किदवई इंटर कॉलेज में परियोजना अधिकारी, जिला विकास अधिकारी एवं डायट प्रवक्ता शुभम शुक्ला ने विद्यार्थियों को करियर संबंधी जानकारी दी। जनता इंटर कॉलेज पुरसौली में तहसीलदार सवायजपुर ने विद्यार्थियों से संवाद किया। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज हरियावां में प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ), जिला कार्यक्रम अधिकारी एवं जिला गन्ना अधिकारी ने प्रतिभाग कर विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर दिए।

एएसबीबी इंटर कॉलेज में उप कृषि निदेशक, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र एवं समाज कल्याण अधिकारी ने विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में करियर के अवसरों की जानकारी दी। आदर्श कृष्ण विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, भदैचा में तहसीलदार सदर ने विद्यार्थियों से संवाद किया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बिलग्राम में नायब तहसीलदार बिलग्राम एवं सीडीपीओ ने छात्राओं को करियर के प्रति जागरूक किया। बाबा मंसानाथ इंटर कॉलेज, बिलग्राम में पुलिस उपाधीक्षक बिलग्राम एवं जीजीआईसी की प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी दी।

इसी क्रम में राष्ट्रपिता म्युनिसिपल इंटर कॉलेज, शाहाबाद में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने विद्यार्थियों से संवाद किया। दयानंद इंटर कॉलेज, सुरसा में खंड विकास अधिकारी एवं सीडीपीओ ने विद्यार्थियों को जागरूक किया, जबकि वैदिक विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, हरदोई में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने विद्यार्थियों को करियर संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को समय रहते अपने लक्ष्य निर्धारित करने, विभिन्न करियर विकल्पों को समझने तथा उनके अनुरूप तैयारी करने के लिए जागरूक एवं प्रेरित करना रहा।

Also Click : सम्भल में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 6 हजार चालान से मचा हड़कंप; 250 वाहन सीज

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow