Hathras News: सिकंदराराऊ में स्कूली बच्चों ने निकाली भव्य तिरंगा रैली, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर
हाथरस के सिकंदराराऊ में हर घर तिरंगा अभियान के तहत शिशु शिक्षा मंदिर के विद्यार्थियों ने भव्य तिरंगा रैली निकाली। देशभक्ति के नारों से पूरा नगर गूंज उठा।
स्वाधीनता पर्व की तैयारियों के बीच हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत हाथरस जिले के सिकंदराराऊ नगर में देशभक्ति का अनूठा माहौल देखने को मिला। मोहल्ला ब्राह्मणपुरी, पुरानी तहसील रोड स्थित शिशु शिक्षा मंदिर के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली।
इस रैली का औपचारिक शुभारंभ नोडल अधिकारी नावेद अंसारी और विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेश चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। रैली में शामिल नन्हे-मुन्ने बच्चे हाथों में तिरंगा थामे देशभक्ति के नारे लगाते हुए नगर के प्रमुख मार्गों और चौराहों से गुजरे। बच्चों के इस उत्साह को देखकर मार्ग में खड़े स्थानीय नागरिकों ने भी तालियां बजाकर उनका स्वागत किया।
नोडल अधिकारी नावेद अंसारी और प्रधानाचार्य नरेश चतुर्वेदी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि इस आयोजन का मुख्य ध्येय नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने आवासों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने तथा देश की स्वाधीनता के लिए प्राण न्योछावर करने वाले अमर बलिदानियों को नमन करने की अपील की।
इस अवसर पर शरद शर्मा, अनिल उपाध्याय, विवेक बघेल, प्रमोद बघेल, आरके सिंह जादौन, कृष्ण दीक्षित, चेतन शर्मा, डॉक्टर राकेश सेंगर, पूर्वेन्द्र शर्मा और महेश यादव सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Also Click : Hardoi: बाढ़ की तैयारियों को लेकर प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिए अलर्ट रहने के निर्देश
What's Your Reaction?







