Uttarakhand: मिलावटी आयुर्वेदिक औषधि निर्माण के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार। 

जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन द्वारा मिलावटी एवं नकली औषधियों के

By INA News Desk
May 18, 2026 - 18:42
39 Views
Uttarakhand: मिलावटी आयुर्वेदिक औषधि निर्माण के खिलाफ प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार। 

ब्यूरो चीफ:आमिर हुसैन 

रूद्रपुर: जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन द्वारा मिलावटी एवं नकली औषधियों के निर्माण एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में उपजिलाधिकारी गदरपुर के नेतृत्व में जिला आयुर्वेदिक अधिकारी, ड्रग इंस्पेक्टर, पुलिस विभाग एवं वन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा दिनेशपुर क्षेत्र में शुगर/मधुमेह की मिलावटी आयुर्वेदिक औषधि तैयार करने वाली फैक्ट्री पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की गई थी।संयुक्त टीम द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री परिसर से लगभग 7.5 कुंतल आयुर्वेदिक औषधि तथा करीब 70 हजार रुपये मूल्य की शुगर/मधुमेह उपचार में प्रयुक्त एलोपैथिक दवाएं बरामद की गईं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इन एलोपैथिक दवाओं को आयुर्वेदिक औषधियों में मिलाकर शुगर/मधुमेह की नकली दवा तैयार की जा रही थी, जिससे आमजन के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ किया जा रहा था।

जिला आयुर्वेदिक अधिकारी एवं ड्रग इंस्पेक्टर द्वारा औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम, 1940 की धारा 33EEC/33E के अंतर्गत बरामद दवाओं के नमूने परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए थे। प्रयोगशाला परीक्षण में दवाओं में मिलावट की पुष्टि होने के बाद संबंधित प्रकरण में कठोर कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम द्वारा फैक्ट्री परिसर से प्रतिबंधित वन्यजीव के अंग के रूप में हिरण के 7 कटे हुए सींग भी बरामद किए गए हैं, जिसके संबंध में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई की गई इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग द्वारा  आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट सहित अन्य सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में आमजन के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नकली एवं मिलावटी दवाओं का निर्माण और बिक्री एक गंभीर अपराध है, जिसके विरुद्ध प्रशासन पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई करेगा। उन्होंने संबंधित सभी विभागों को बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए ऐसे मामलों में निरंतर निगरानी रखने एवं दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

 जिलाधिकारी ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी व्यक्ति के पास इस नकली दवा प्रकरण से संबंधित कोई सूचना, साक्ष्य अथवा शिकायत हो, तो वह उपजिलाधिकारी गदरपुर अथवा संबंधित विभागीय अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर सकता है, ताकि दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Also Read- पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हत्या पर बवाल: शहजाद पूनावाला ने 'TMC' को बताया 'टोटल माफिया कल्चर'।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow