Moradabad : जिलाधिकारी अनुज सिंह ने 50 लाख से अधिक की परियोजनाओं की समीक्षा में दिखाई सख्ती
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट कहा कि सभी निर्माणों में गुणवत्ता पर पूरा ध्यान रखा जाए। यदि काम मानकों के अनुसार नहीं मिला तो अधिकारी जिम्मेदार होंगे और काम दोबारा कराया जाएगा।
मुरादाबाद में जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माण परियोजनाओं की मासिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए और लापरवाही पर नाराजगी जताई।
उद्यान अधिकारी के अनुपस्थित रहने और उनकी जगह उद्यान निरीक्षक के आने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी दिखाई। उन्होंने उद्यान निरीक्षक को बैठक से बाहर जाने को कहा और उद्यान अधिकारी को तुरंत उपस्थित होने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट कहा कि सभी निर्माणों में गुणवत्ता पर पूरा ध्यान रखा जाए। यदि काम मानकों के अनुसार नहीं मिला तो अधिकारी जिम्मेदार होंगे और काम दोबारा कराया जाएगा। थर्ड पार्टी जांच उपकरणों से मौके पर होगी और रिपोर्ट मांगी जाएगी। 5 करोड़ से अधिक लागत वाली हर परियोजना के लिए लैब जांच की व्यवस्था करने को कहा।
समीक्षा में राजकीय प्रक्षेत्र रौंडा के सुदृढ़ीकरण कार्य की प्रगति 70 प्रतिशत पर तेजी लाने के निर्देश दिए। राजकीय प्रक्षेत्र पंडितपुर का काम पिछले महीने पूरा होने का वादा होने के बावजूद 85.33 प्रतिशत पर असंतोष जताया और समय पर पूरा कर हैंडओवर करने को कहा। राजकीय पौधशाला फहेलउल्लागंज का कार्य 88.35 प्रतिशत पर 31 जनवरी 2026 की समयसीमा बीतने के बाद भी अधूरा होने पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के ठाकुरद्वारा कस्तूरबा बालिका विद्यालय में एकेडमिक ब्लॉक और छात्रावास की प्रगति 45 प्रतिशत पर अधिशासी अभियंता को जेई से समन्वय कर तेजी लाने को कहा। उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम के बिलारी ग्रामीण स्टेडियम और ओपन जिम का काम 78.1 प्रतिशत पर 31 मार्च 2026 तक पूरा करने के निर्देश दिए। गन्ना किसान संस्थान प्रशिक्षण केंद्र के भवनों की प्रगति 84.46 प्रतिशत पर भी तेजी की बात कही।
बैठक में मुरादाबाद वाटर सप्लाई स्कीम, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाने का काम, राज्य विश्वविद्यालय भवन, डॉ. भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी, ऊपरिगामी सेतु, मूंढापांडे आईटीआई भवन, आसरा योजना भवन, वर्किंग वूमेन हॉस्टल, राजकीय इंटर कॉलेज मिनी स्टेडियम और लोक निर्माण विभाग की सड़कें आदि की भी समीक्षा हुई। जिलाधिकारी ने राजकीय इंटर कॉलेज मिनी स्टेडियम को तकनीकी मानकों के अनुसार बनाने पर जोर दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी, जिला विकास अधिकारी जी.बी. पाठक, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?











