Sambhal : AIMIM का BCCI से सवाल – क्या अंतरराष्ट्रीय दबाव में हो रहा भारत पाकिस्तान मैच?
सय्यद असलम ने सवाल उठाया कि जिस देश ने 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष भारतीय नागरिकों की जान ली, उसके साथ क्रिकेट खेलना कैसे जायज ठहरा
Report : उवैस दानिश, सम्भल
एशिया कप 2025 में रविवार को खेले जाने वाले भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। जहां क्रिकेट प्रेमियों में इस हाईवोल्टेज मुकाबले को लेकर उत्साह है, वहीं राजनीतिक गलियारों में विरोध के सुर तेज हो गए हैं। इस बीच एआईएमआईएम उत्तर प्रदेश के प्रदेश महासचिव सय्यद असलम ने भाजपा सरकार और बीसीसीआई पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलना उन भारतीयों की शहादत का अपमान है, जो जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में मारे गए थे।
सय्यद असलम ने सवाल उठाया कि जिस देश ने 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष भारतीय नागरिकों की जान ली, उसके साथ क्रिकेट खेलना कैसे जायज ठहराया जा सकता है। उन्होंने बीसीसीआई से पूछा कि आखिर ऐसी कौन सी मजबूरी है, जो उन्हें पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला खेलने पर मजबूर कर रही है। असलम ने तंज कसा कि क्या किसी अंतरराष्ट्रीय दबाव या ट्रम्प जैसी ताकत की वजह से यह मैच खेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब भारत ने पानी, कारोबार और फिल्मी कलाकारों तक के बहिष्कार का फैसला ले लिया, तो क्रिकेट मैच क्यों नहीं रोका जा सकता। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाड़ियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का मजाक बनाया था, ऐसे खिलाड़ियों के साथ खेलना शहीदों का अपमान है।
- पीएम मोदी को भी घेरा
एआईएमआईएम नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी सीधा हमला बोला। उन्होंने पीएम को उनकी पुरानी बात याद दिलाते हुए कहा,
"पीएम मोदी खुद कहते थे कि खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते, आतंकवाद और संवाद साथ नहीं चल सकते। तो अब आखिर क्या बदल गया?
- पहलगाम हमले के बाद गुस्से का माहौल
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मौत ने पूरे देश को हिला दिया था। इस घटना के बाद भारत में पाकिस्तान को लेकर गुस्से का माहौल है। कई संगठनों और राजनीतिक दलों ने पाकिस्तान से हर तरह के रिश्ते खत्म करने की मांग की है।
हालांकि, इस मुद्दे पर देश में मिलेजुले भाव हैं। कुछ लोग मानते हैं कि खेल को राजनीति से अलग रखना चाहिए, जबकि कई संगठन इसे शहीदों की शहादत का अपमान मानते हुए मैच रद्द करने की मांग कर रहे हैं।
सय्यद असलम का कहना है कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत को खेल के मैदान सहित हर स्तर पर कड़ा रुख अपनाना चाहिए और पाकिस्तान के साथ सभी तरह के संबंध खत्म करने चाहिए।
What's Your Reaction?











