Seva Sankalp Mahotsav: कछौना में सामाजिक अधिकारिता शिविर, 467 दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिक लाभान्वित

जनपद में संचालित सेवा संकल्प महोत्सव के अंतर्गत सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के दिव्यांगजन

By INA News Desk
Sep 19, 2026 - 19:25
5 Views
Seva Sankalp Mahotsav: कछौना में सामाजिक अधिकारिता शिविर, 467 दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिक लाभान्वित

हरदोई। जनपद में संचालित सेवा संकल्प महोत्सव के अंतर्गत सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), कानपुर के तत्वावधान में जिला प्रशासन, हरदोई के सहयोग से एम.एम.डी.डी. इंटर कॉलेज, गौसगंज, कछौना में सामाजिक अधिकारिता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मिश्रिख सांसद अशोक रावत रहे। इस अवसर पर बालामऊ विधायक रामपाल वर्मा, विधान परिषद सदस्य अशोक अग्रवाल, नगर पालिका परिषद कछौना के अध्यक्ष राजाराम पाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, एलिम्को के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।

शिविर का उद्देश्य पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ उन्हें स्वावलंबी, गतिशील एवं सम्मानजनक जीवन जीने में सहयोग प्रदान करना रहा। शिविर में एडीप योजना के तहत 200 दिव्यांगजनों तथा राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत 267 वरिष्ठ नागरिकों सहित कुल 467 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। लाभार्थियों को उनकी आवश्यकताओं के अनुसार कुल 1,872 सहायक उपकरण वितरित किए गए, जिनकी कुल लागत लगभग 60 लाख 94 हजार रुपये रही। सहायक उपकरण मिलने से दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को दैनिक कार्यों, आवागमन तथा अन्य आवश्यक गतिविधियों में सुविधा मिलेगी और उनकी दूसरों पर निर्भरता कम करने में सहायता होगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने लाभार्थियों को सहायक उपकरण प्रदान किए। वक्ताओं ने कहा कि दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों के सशक्तीकरण में सहायक उपकरणों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे शिविरों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाने में सुविधा होती है। सेवा संकल्प महोत्सव के तहत जनपद में विभिन्न विभागों की लाभार्थीपरक योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाने, जनसमस्याओं के समाधान तथा जनकल्याणकारी सेवाओं की सुगम उपलब्धता पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में आयोजित सामाजिक अधिकारिता शिविर में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए।

जिला प्रशासन की ओर से शिविर के दौरान लाभार्थियों के लिए व्यवस्थित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं, ताकि उन्हें उपकरण प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। आयोजन को सफल बनाने में एलिम्को, जिला प्रशासन, स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने समन्वित रूप से सहयोग किया। कार्यक्रम के समापन पर लाभार्थियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आयोजन से जुड़े सभी कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, स्वावलंबन और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।

Also Read- Zirakpur Crime News: जीरकपुर के पालम एन्क्लेव में दिव्यांग व्यक्ति से पर्स और मोबाइल छीना, नकदी व दस्तावेज लेकर भागे बदमाश

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow