Lucknow : नशा मुिक्त भारत अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु राज्य स्तरीय समिति की बैठक सम्पन्न
बैठक को संबोधित करते हुए अपर मुख्य सचिव समाज कल्याण विभाग ने नशा मुक्ति भारत अभियान के अंतर्गत गठित समितियों के प्रभावी क्रियान्वयन, मार्गदर्शन एवं समुचित पर्यवेक्षण पर विशेष बल दिया।
लखनऊ : नशा मुक्ति भारत अभियान के अंतर्गत अपर मुख्य सचिव, समाज कल्याण विभाग, श्री एल. वेंकटेश्वर लू की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय समिति की बैठक आज यहाँ बापू भवन स्थित सभागार में आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के समस्त जनपदों में नशा मुक्ति के प्रति व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रमों एवं विविध गतिविधियों के प्रभावी संचालन को सुनिश्चित करना है ।
बैठक को संबोधित करते हुए अपर मुख्य सचिव समाज कल्याण विभाग ने नशा मुक्ति भारत अभियान के अंतर्गत गठित समितियों के प्रभावी क्रियान्वयन, मार्गदर्शन एवं समुचित पर्यवेक्षण पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि इस अभियान के उद्देश्यों की प्राप्ति हेतु सभी संबंधित विभागों द्वारा समन्वित रूप से कार्य करते हुए जनसहभागिता को बढ़ावा दिया जाए। अपर मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि राज्य के चिन्हित संवेदनशील जनपदों में नशा मुक्ति अभियानों की प्रभावी रूपरेखा तैयार कर उनका समुचित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही सामुदायिक भागीदारी एवं जन सहयोग को अभियान की सफलता का प्रमुख आधार बनाया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि राज्य स्तर, जनपद स्तर तथा अन्य सेवा प्रदाताओं के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिससे नशा मुक्ति से संबंधित गतिविधियों का संचालन अधिक प्रभावी एवं परिणामदायी बनाया जा सके। अपर मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य स्तरीय अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु एक प्रभावी सोशल मीडिया रणनीति तैयार कर उसका व्यवस्थित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता को बढ़ाया जा सके।
अपर मुख्य सचिव ने यह भी निर्देश दिए कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान के 100 मीटर के दायरे में सिगरेट एवं तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर लगाए गए प्रतिबंध का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त मादक पदार्थों की उपलब्धता एवं अवैध बिक्री के संबंध में प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए समय-समय पर की गई कार्यवाही की समीक्षा भी की जाए। बैठक में उपस्थित संबंधित सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने अभियान के प्रभावी संचालन के संबंध में अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए।
What's Your Reaction?











