अयोध्याधाम: संस्कृति और आधुनिकता का संगम होगा निर्माणाधीन रामायण विश्वविद्यालय

21 एकड़ में निर्माणाधीन विश्वविद्यालय में मिलेगी आधुनिक शिक्षा, महर्षि महेश योगी के सपने को साकार करेगा विश्वविद्यालय-अजय प्रकाश

Oct 21, 2024 - 19:02
35 Views
अयोध्याधाम: संस्कृति और आधुनिकता का संगम होगा निर्माणाधीन रामायण विश्वविद्यालय

अयोध्या में महर्षि महेश योगी रामायण विश्वविद्यालय का निर्माण अंतिम चरण में है। यह परियोजना न केवल शिक्षा का केंद्र बनेगी, बल्कि रामायण और रामराज की अवधारणा को समझने का एक अनूठा अवसर प्रदान करेगी। नेशनल हाईवे 32 के पास 21 एकड़ भूमि में तैयार हो रहे इस विश्वविद्यालय के परिसर में राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के नाम वाले भवन बनाए गए हैं।

महर्षि महेश योगी संस्थान द्वारा संचालित इस विश्वविद्यालय में आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ रामायण पर शोध को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। यहां विद्यार्थी इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, और साइंस सहित विभिन्न आधुनिक कोर्सेज के साथ वैदिक और प्राचीन संस्कृति का भी ज्ञान प्राप्त करेंगे। संस्थान के अध्यक्ष अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि यह विश्वविद्यालय महर्षि महेश योगी के उस सपने को साकार कर रहा है, जिसमें वे आधुनिक तकनीक के माध्यम से युवाओं को वैदिक ज्ञान से परिचित कराना चाहते थे। इस विश्वविद्यालय के 12 भवनों में जल्द ही पठन-पाठन की गतिविधियां शुरू होंगी।

Also Read- मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना : सीएम योगी की अभ्युदय योजना से गरीब युवाओं के सपनों को मिली उड़ान, सैकड़ों बच्चे बने अफसर।

आधुनिक प्रोफेशनल कोर्सेज के अलावा, यह संस्थान छात्रों को हमारी प्राचीन संस्कृति और वैदिक परंपराओं को समझने का अवसर देगा। अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि महर्षि महेश योगी का उद्देश्य था कि युवा सिर्फ तकनीकी शिक्षा तक सीमित न रहें, बल्कि उन्हें यह भी समझ आए कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर कैसे मानव कल्याण का मार्ग दिखाती है। महर्षि महेश योगी रामायण विश्वविद्यालय का उद्घाटन अयोध्या के लिए एक ऐतिहासिक अवसर होगा, जो रामायण की शिक्षा और रामराज्य की कल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow