कुबेर लाल जन सेवा संस्थान की अनूठी पहल: निरमा देवी ने वृद्धाश्रम में मनाया जन्मदिन, आश्रम को लिया गोद किया जाएगा सहयोग
समाजसेवा की भावना को साकार करते हुए कुबेर लाल जन सेवा संस्थान ने एक प्रेरणादायी पहल की है। संस्थान द्वारा सामाजिक
हरदोई। समाजसेवा की भावना को साकार करते हुए कुबेर लाल जन सेवा संस्थान ने एक प्रेरणादायी पहल की है। संस्थान द्वारा सामाजिक सरोकारों के तहत संचालित 'एक पहल' अभियान के अंतर्गत ज्योति स्वास्थ्य सेवा संस्थान एवं संस्कार वृद्ध आश्रम को गोद लेने की घोषणा की गई। इस अवसर पर संस्थान ने वृद्धजनों के बेहतर स्वास्थ्य, सम्मानजनक जीवन, देखभाल एवं आवश्यक सुविधाओं के लिए निरंतर सहयोग का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान निरमा देवी ने अपना जन्मदिन भी वृद्धाश्रम में बेहद सादगी और आत्मीयता के साथ मनाया। उन्होंने वृद्धजनों के बीच केक काटा, सभी को फल एवं मिठाई वितरित की तथा उनके साथ बैठकर भोजन किया। जन्मदिन के इस विशेष अवसर को उन्होंने सेवा और संवेदना का उत्सव बनाते हुए वृद्धजनों के चेहरे पर मुस्कान बिखेरने का प्रयास किया।
इस मौके पर निरमा देवी ने कहा कि समाज के बुजुर्ग हमारे अनुभव और संस्कारों की अमूल्य धरोहर हैं। उनका सम्मान, देखभाल और सहयोग करना प्रत्येक व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आश्रम के वृद्धजनों की हरसंभव सहायता करने तथा भविष्य में भी समय-समय पर सहयोग जारी रखने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर ज्योति स्वास्थ्य सेवा संस्थान के संस्थापक डॉ. अजय पाल सहित दधीच सिंह, शुभम अवस्थी, पवन अवस्थी, कपिल पाल, मनोज कुमार, गीता शुक्ला, चेतना माहेश्वरी, अपूर्व माहेश्वरी, काजल गुप्ता, डॉ अमिता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
What's Your Reaction?




