Hardoi News: श्री राम राज्याभिषेक के साथ हुआ रामकथा का समापन ।
माँ इच्छापूर्णी रामजानकी मंदिर में चल रहे श्री राम विवाह महोत्सव के अंतिम दिवस पर उपस्थित श्रद्वालुओं को संबोधित करते हुए आचार्य ...
पिहानी / हरदोई। माँ इच्छापूर्णी रामजानकी मंदिर में चल रहे श्री राम विवाह महोत्सव के अंतिम दिवस पर उपस्थित श्रद्वालुओं को संबोधित करते हुए आचार्य प्रकाश चन्द्र महाराज ने कहा, कि संसार में बुराई चाहे कितनी भी बड़ी क्यों ना हो, वह अच्छाई के सामने कभी टिक नहीं सकती। पापियों के पाप का घड़ा आखिरकार भरता ही है और उसके पाप ही उस व्यक्ति के अंत का कारण बन जाते है। भगवान पापियों का विनाश करते हैं इसलिए व्यक्ति को सदा ही सन्मार्ग पर चलना चाहिए।
महोत्सव में उपस्थित श्रोताओं को संबोधित करते हुए मानस मर्मज्ञ ने कहा, कि रावण कुमार्गी और अधर्मी था जबकि राम शीलवान और धार्मिक थे। व्यक्ति को कभी भी अहंकारी नहीं होना चाहिए। अहंकार भगवान का भोजन है, श्रीराम ने दशानन रावण को कई बार चेतावनी दी लेकिन वह नहीं माना और अंतत: भगवान राम ने संघार करके उसको अपना निज धाम बैकुण्ठ प्रदान किया। भगवान राम विभीषण को लंका का राजा बनाकर पुष्पक विमान से अयोध्या लौटे। मानस मर्मज्ञ ने श्री राम के राज्याभिषेक अवसर पर श्रोताओं को राम राज्य के संदर्भ को स्पष्ट करते हुए कहा कि रामराज्य एक आदर्श राज्य है। रामराज्य में कहीं चोरी, भ्रष्टाचार, झूठ एवं घृणा नहीं है, अपितु चारों तरफ प्रेम भाईचारा, सौहार्द्र और सद्भावना दृष्टिगोचर होती है।
Also Read- Hardoi News: जिलाधिकारी ने मध्यरात्रि में बांटे कम्बल, कम्बल पाकर जरुरतमंद लोग काफ़ी ख़ुश नजर आये।
आज भी इन्हीं सब गुणों की आवश्यकता है। यह रामराज्य हमारे समाज में आ जाये, इसके लिए हमें सदैव प्रयासरत रहना चाहिये। रामकथा समाज में रामराज्य के लिए प्रेरित करती है इसलिए सामाजिक स्तर पर निरतंर इसका श्रवण करना आवश्यक है। जीव अपने अंत: करण में श्रीराम का दर्शन करता है तभी राम जी के गुण जीवन में आते हैं। इस अवसर पर भगवत व व्यास पूजन कर उपस्थित श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम का उद्घोष किया। भगवान राम का राज्याभिषेक कर मानव जीवन के कल्याण मंगल की कामना की गई। आयोजन के समापन पर गुरुवार को रामार्चा पूजन सम्पन्न होगा। इस अवसर पर प्रमुख रुप से वैष्णव हरिशरण, गुरुचरन लाल, धर्मेन्द्र सोनी, रामचन्द्र वैश्य, ओम रस्तोगी, रामप्रकाश, आदित्य, संजय आदि उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?