विधानसभा सत्र न्यूज़ अपडेट: सपा विधायक को संसद से बाहर निकाला, स्पीकर सतीश महाना ने पूरे सत्र के लिए निष्कासित किया।
उत्तर प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान बुधवार को भारी हंगामा हुआ। बात इतनी बढ़ गई कि समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान....
By INA News Lucknow.
विधानसभा सत्र न्यूज़ अपडेट.. उत्तर प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान बुधवार को भारी हंगामा हुआ। बात इतनी बढ़ गई कि समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान को पूरे सत्र के लिए निष्कासित कर दिया गया है। सदन मे भारी हंगामे के बाद सपा विधायक अतुल प्रधान को स्पीकर ने सदन से बाहर निकलने का आदेश दिया और पूरे सत्र के लिए बाहर निकाला। इस पूरे वाकये पर सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि योगी सरकार के मंत्री ने ही हमारे सदस्य पर आपतिजनक शब्दों का प्रयोग किया और विधानसभा अध्यक्ष ने जो अतुल के ख़िलाफ़ करवाई की है उसका हम विरोध करते हैं।
उधर, सदन अभी भी इस हंगामे के बाद स्थगित है। बता दें कि शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन बुधवार को सपा और कांग्रेस के विधायकों ने जमकर हंगामा किया। दरअसल, जब स्वास्थ्य मंत्री और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक बोल रहे थे, विपक्षी विधायकों ने असंसदीय शब्दों का प्रयोग करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने स्पीकर सतीश महाना से इसकी शिकायत की। विधानसभा अध्यक्ष ने विपक्षी विधायकों से नारेबाजी तत्काल रोकने के लिए कहा लेकिन वह नहीं माने। इस पर स्पीकर ने हंगामा कर रहे सपा विधायक अतुल प्रधान को पूरे सत्र के लिए सदन से निष्कासित कर दिया। सतीश महाना काफी गुस्से में नजर आए और अपने आसन से खड़े हो गए। उन्होंने कहा कि वह अतुल प्रधान की सदस्यता भी खत्म कर सकते हैं। बार-बार कहने के बावजूद जब अतुल प्रधान हंगामा करने से बाज नहीं आए तो सतीश महाना ने कहा कि इनको उठाकर सदन से बाहर निकाल दीजिए। सतीश महाना ने अतुल प्रधान से कहा कि आप सदन में ऐसे शब्दों का प्रयोग नहीं कर सकते हैं। आप इस प्रकार की भाषा का एकदम प्रयोग नहीं कर सकते।
बता दें दोपहर 1:55 पर हंगामा हुआ और दो बजे के लगभग अध्यक्ष सतीश महाना ने अतुल को सदन से बाहर जाने का आदेश ने दिया। इस बीच विधानसभा में भारी हंगामा हो गया। समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान को मार्शल अपने साथ ले गए। दरअसल, स्वास्थ्य के मुद्दे पर सदन में आज बहस चल रही थी। तकरार बढ़ने लगी थी। इसी दौरान अतुल और राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण में कहा सुनी बढ़ने लगी। स्पीकर ने दखल दिया लेकिन हंगामा जारी रहा। बाद में स्पीकर ने विधायक अतुल प्रधान को पूरे सत्र के लिए निष्कासित कर दिया। इसके बाद से यूपी विधानसभा के भीतर और बाहर माहौल गर्म है। इस घटना क्रम पर यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा - समाजवादी पार्टी का हाल बेहाल है। 27 का सत्ताधीश बनने का सपना उनका टूट गया है, अब 2047 तक का रास्ता बंद हो गया है। उनको मौका नहीं मिलेगा इसलिए अब वह सदन नहीं चलने दे रहे हैं। सदन के अंदर अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।
जनता उनकी यह हरकत देख रही है। लोकसभा चुनाव में झूठ बोलकर जो विजय उन्होंने अर्जित की थी उसके बाद वे विधानसभा के उपचुनाव में चारों खाने चित हो गए। अब 2047 तक का रास्ता बंद हो गया है। बौखलाहट में सदन के अंदर नियमों के विरुद्ध अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। यह जनता भी देख रही है और सदन भी देख रहा है। वहीं इस दौरान सदन में विपक्षी विधायक तानाशाही नहीं चलेगी का नारा लगाते रहे। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि आजादी का मतलब ये नहीं है कि सदन में कोई कुछ भी बोलकर निकल जाए। स्पीकर सतीश महाना ने कहा कि अगर विपक्ष के लोग इस तरह की भाषा बोलेंगे तो सत्ता पक्ष की तरफ से बोली जाने वाली भाषा भी उनको स्वीकार करनी होगी। फिर आप उस पर आपत्ति नहीं करेंगे। अतुल प्रधान से गुस्से में महाना ने कहा कि आप मुझसे बहस करोगे।
What's Your Reaction?











