Lucknow: विश्व रेडियो दिवस 2026 पर 'रेडियो ब्लू ड्रॉप' का भव्य शुभारंभ, एआई तकनीक से संचालित वेब रेडियो की शुरुआत
विश्व रेडियो दिवस के अवसर पर, जिसकी वर्ष 2026 की थीम “AI for Radio” रही, ब्लू ड्रॉप फाउंडेशन द्वारा जल संरक्षण को समर्पित
लखनऊ: विश्व रेडियो दिवस के अवसर पर, जिसकी वर्ष 2026 की थीम “AI for Radio” रही, ब्लू ड्रॉप फाउंडेशन द्वारा जल संरक्षण को समर्पित एआई तकनीक आधारित वेब रेडियो “रेडियो ब्लू ड्रॉप” का औपचारिक शुभारंभ प्रेस क्लब हज़रतगंज में किया गया। यह वेब रेडियो अत्याधुनिक AI ऑटोमेशन तकनीक से संचालित होगा, जिससे सीमित संसाधनों में भी प्रभावी संचार संभव हो सकेगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. अनिल रस्तोगी रहे। वहीं सम्मानित अतिथि एवं पैनलिस्ट के रूप में डॉ. सतीश ग्रोवर (पूर्व अपर महानिदेशक, आकाशवाणी एवं दूरदर्शन), वेंकटेश दत्ता (प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, स्कूल ऑफ एनवायरनमेंट, बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय), सुधीर मिश्रा (संपादक, नवभारत टाइम्स, लखनऊ) तथा निवेदिता श्री (संस्थापक, शारदे प्रकाशन) उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात आशा श्रीवास्तव ने निवेदिता श्री द्वारा रचित वाणी वंदना की प्रस्तुति दी।
ब्लू ड्रॉप फाउंडेशन की अध्यक्ष डॉ. मीनू खरे ने अपने संबोधन में कहा कि एआई आज अपार संभावनाओं का माध्यम है और समझदारी से उपयोग करने पर यह सीमित संसाधनों में भी बड़े प्रकल्पों को संचालित करने में सहायक सिद्ध हो सकता है।
मुख्य अतिथि डॉ. अनिल रस्तोगी ने एआई आधारित रेडियो को नवाचार का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि तकनीकी बदलावों के बावजूद रेडियो की आत्मीयता हमेशा बनी रहेगी। डॉ. सतीश ग्रोवर ने रेडियो को समय के साथ बहुआयामी स्वरूप अपनाने की आवश्यकता बताई, जबकि सुधीर मिश्रा ने कहा कि रेडियो कभी अपनी प्रासंगिकता नहीं खो सकता। प्रो. वेंकटेश दत्ता ने जल संरक्षण के क्षेत्र में फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना की और इसे दूरगामी पहल बताया।कार्यक्रम में योगेश आदित्य एवं डॉ. अर्जुन सिंह जैसे जल योद्धाओं को सम्मानित किया गया।
अंत में स्वाति मालवीय ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर आरजे विवेक श्रीवास्तव, आरजे देवेंद्र सिंह, आरजे शोभित गुप्ता, आरजे स्वाति मालवीय, आरजे कुमुद सिंह तथा आरजे कनिका अशोक सहित पूरी टीम ने जल संरक्षण के लिए अपनी आवाज़ समर्पित करने का संकल्प लिया। विश्व रेडियो दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम अत्यंत सफल, प्रेरणादायी और नवाचार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
What's Your Reaction?











