Hardoi : डीसीएम श्रीराम लि. समूह से जुड़े 146 गन्ना कृषको को किया गया सम्मानित

किसानो को ट्रैक्टर चालित स्प्रे मशीन तथा ड्रोन के माध्यम से अपने सम्पूर्ण गन्ने में पर्णीय छिड़काव कम से कम दो से तीन बार अवश्य कराना चाहिए। उन्होंने भूमि

By INA News Desk
Sep 5, 2025 - 23:56
64 Views
Hardoi : डीसीएम श्रीराम लि. समूह से जुड़े 146 गन्ना कृषको को किया गया सम्मानित
डीसीएम श्रीराम लि. समूह से जुड़े 146 गन्ना कृषको को किया गया सम्मानित
Advertisement
Advertisement

Report : (अम्बरीष कुमार सक्सेना)

हरदोई : गन्ने की बेहतर उपज करने वाले 146 कृषकों को यहां शाहजहांपुर मार्ग पर स्थित हरियाली किसान बाजार में राज्य मंत्री और डीसीएम श्रीराम समूह से जुड़े आला अधिकारियों के हांथो सम्मानित किया गया। संबंधित कृषकों द्वारा गन्ने की उपज में 1500 कुंटल से अधिक उपज अर्जित की गई थी। चीनी उद्योग में क्रान्ति लाने वाले इस विशेष कार्यक्रम का शुभारम्भ उच्च शिक्षा राज्य मन्त्री रजनी तिवारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अच्छी खेती करने वाले कृषकों को प्रोत्साहित करना और अन्य कृषकों से गन्ने की बेहतर खेती कर देश की अर्थव्यवस्था के विशेष योगदान में उन्हें शामिल करना था।

मुख्य अतिथि रजनी तिवारी ने मौजूद कृषकों को संबोधित कर कहा इस प्रकार के आयोजन से कृषकों के मध्य सकारात्मक प्रतियोगिता का भाव उत्पन्न होगा और प्रधानमंत्री द्वारा कृषकों की आय को दोगुना करने की दूरदर्शी सोच को पूर्ण करने में मील का पत्थर साबित होगा। यह अभियान कृषकों की आमदनी बढ़ाने की एक अच्छी पहल है।

उन्होनें अभियान की प्रशंसा कर कृषकों की गन्ना उपज तथा आय बढ़ाने के साथ गन्ना खेती की तारीफ कर कहा हमारा हरदोई प्रदेश में अलग पहचान बनाएगा। अपर गन्ना आयुक्त वीके शुक्ला ने कृषकों से कहा उपज बढ़ाओ अभियान टिकाऊ खेती के लिए वरदान है। हर किसान को बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। गन्ना विभाग अपनी हितकारी नीतियों के ज़रिए कृषकों की आय बढ़ाने के लिए निरन्तर प्रयासरत है। पेराई सत्र 2025-26 हेतु जारी गन्ना आपूर्ति सट्टा नीति में कई महत्वपूर्ण प्राविधान किये गए हैं जिसमें यांत्रिक विधि से गन्ना कटाई, समिति की सदस्यता प्राप्त नये सदस्य व छोटे कृषकों को गन्ना आपूर्ति में वरीयता मुख्य हैं। लखनऊ परिक्षेत्र के उप गन्ना आयुक्त राजेशधर द्विवेदी ने कहा गन्ना क्षेत्रफल के साथ ही गन्ना उत्पादन को बढ़ाया जाए। मिल समूह का अभियान इसके लिए कारगर है। कृषकों का गन्ना उनके सट्टे पर शत-प्रतिशत आपूर्ति हो ताकि उन्हें उनके गन्ने का वाजिब मूल्य मिल सके। सदस्यता ग्रहण करने की तिथि 30 सितम्बर निर्धारित की गई है।

अधिशासी निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी आरएल टामक ने बताया विकास का रास्ता चीनी मिल से होकर गुजरता है। डीसीएम समूह गन्ना उपज बढ़ाओ अभियान के माध्यम से कृषकों के विकास हेतु गन्ना खेती को डिजिटल टूल्स से जोड़कर उनकी आमदनी बढ़ाने के लिए कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है जिससे कृषकों में सकारात्मक ऊर्जा देखने को मिली है। बोले यहाँ की जल, जमीन और जलवायु गन्ना फसल में अधिक उपज प्राप्त करने के लिए उपयुक्त है जिसे देखते हुए इस अभियान का शुभारम्भ किया गया। कहा अजबापुर चीनी मिल के कृषक संत कुमार ने 2568 कुन्तल/हेक्टेयर की उपज प्राप्त कर कीर्तिमान स्थापित किया जो हम सबके लिए गौरव की बात है।

साथ ही 146 कृषकों ने 1500 कुन्तल प्रति हेक्टेयर से अधिक एवं 16 कृषकों ने 2000 कुन्तल/हेक्टेयर से अधिक की उपज प्राप्त की जो हमारे क्षेत्र की औसत उपज 650-700 कुन्तल/हेक्टेयर है जो इस बात का द्योतक है कि यहाँ की मिट्टी में अच्छी उपज लेने की भरपूर क्षमता है। अभियान में भाग लेने वाले सभी कृषकों को एक निःशुल्क मार्ग दर्शिका उपलब्ध कराई जा रही है जिसमें वैज्ञानिक खेती की सभी क्रियाएं तथा कीट एवं रोग की रोकथाम सम्बन्धी जानकारी शामिल है। बोले अभियान में ऐसे कृषकों का चयन किया जाता है जो अपने ज्ञान एवं अनुभव को दूसरों तक साझा कर सकें इससे अन्य सभी कृषक लाभान्वित होंगे। बताया पेड़ी की उपज बढाने के लिए पेड़ी प्रबन्धन के लिए आरएमडी मशीन के प्रयोग को बढ़ावा दिया जाए। गन्ने की पैदावार बढ़ाने में पर्णीय छिड़काव का बड़ा महत्व है।

किसानो को ट्रैक्टर चालित स्प्रे मशीन तथा ड्रोन के माध्यम से अपने सम्पूर्ण गन्ने में पर्णीय छिड़काव कम से कम दो से तीन बार अवश्य कराना चाहिए। उन्होंने भूमि की गिरती उर्वरा शक्ति पर चिन्ता व्यक्त करते हुए किसानों से जैविक खाद का अधिक से अधिक प्रयोग करने का आह्वान किया। बोले इस वर्ष से हमारा समूह प्रेसमड आधारित फर्मेन्टेड ऑर्गेनिक खाद (फसल अमृत) कृषकों को उपलब्ध करा रही है। किसानों को गन्ने की खेती में विभिन्न प्रकार के यन्त्रों को अपनाकर खेती के सरलीकरण करने पर जोर दिया। इसी क्रम में 50 कृषकों को गन्ना बुवाई मशीन (एम.टी.पी.) एवं 40 कृषकों को छोटे ट्रैक्टर की चाभी सौंपी गईं। क्षेत्रीय कृषकों को एक ही स्थान पर यन्त्रों के कार्य, प्रयोग करने का ढंग, रख-रखाव व मूल्यों पर विस्तार से चर्चा करने का अवसर प्रदान कर इस वर्ष माह अक्टूबर में कृषि यन्त्र मेला लगाना प्रस्तावित होना बताया।

इस मौके पर जिला गन्ना अधिकारी, गन्ना विकास परिषदों के ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक, गन्ना समितियों के सचिव और अध्यक्ष भी रहे। डीसीएम श्रीराम समूह के मुख्य परिचालन अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी, हरियावाँ चीनी मिल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप त्यागी, अजबापुर चीनी मिल के उपाध्यक्ष प्रभात कुमार सिंह, लोनी चीनी मिल के अपर उपाध्यक्ष राजा श्रीवास्तव, रूपापुर चीनी मिल के सहायक उपाध्यक्ष संजीव कुमार तोमर और गन्ना विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों व कर्मचारियो ने आयेजित समारोह में अपना विशेष योगदान दिया। समारोह का संचालन सीसीटी प्रमुख अली आरजू जैदी एवं अजबापुर चीनी मिल के विभागाध्यक्ष (गन्ना) एचके त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से किया।

Also Click : Lucknow : उत्तर प्रदेश ऊर्जा विभाग की एक बड़ी उपलब्धि- अपनी कार्यकुशलता एवं अद्वितीय प्रदर्शन के लिए यूपीपीटीसीएल को मिला राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement