Mahakumbh Mela 2025: महाकुंभ के लिए स्वच्छता और सुरक्षा को पुख्ता करेंगे सीएम योगी। 

महाकुम्भ 2025 को भव्य और दिव्य बनाने के लिए प्रयासरत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 27 नवंबर को स्वयं यहां चल रही तैयारियों का जायजा लेंगे। इस अवसर....

By INA News Desk
Nov 26, 2024 - 16:31
70 Views
Mahakumbh Mela 2025: महाकुंभ के लिए स्वच्छता और सुरक्षा को पुख्ता करेंगे सीएम योगी। 
  • बुधवार को 238 करोड़ के स्वच्छता एवं सुरक्षा उपकरणों और परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे सीएम
  • प्रयागराज दौरे पर लगभग 50 करोड़ के टिपर, कॉम्पैक्टर समेत अन्य स्वच्छता उपकरण का करेंगे अनावरण
  • 173 करोड़ के फायर, जल, यातायात एवं रेडियो उपकरणों का भी लोकार्पण करेंगे सीएम योगी आदित्यनाथ
  • सफाई कर्मियों को यूनिफॉर्म किट, नाविकों को लाइफ जैकेट के साथ ही बीमा प्रमाण पत्र भी करेंगे वितरित
  • प्रमुख स्थलों पर महाकुम्भ की तैयारियों का जायजा भी लेंगे सीएम 

प्रयागराज। महाकुम्भ 2025 को भव्य और दिव्य बनाने के लिए प्रयासरत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 27 नवंबर को स्वयं यहां चल रही तैयारियों का जायजा लेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री महाकुम्भ के लिए 238 करोड़ से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे। इन परियोजनाओं में महाकुम्भ को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने वाले विभिन्न उपकरणों के साथ-साथ नगर निगम में नवनिर्मित कंट्रोल रूम का अनावरण भी शामिल है। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री स्वच्छाग्रहियों एवं सफाईकर्मियों को यूनिफॉर्म किट तथा नाविकों को लाइफ जैकेट समेत विभिन्न योजनाओं से भी लाभान्वित करेंगे। इससे पूर्व सीएम योगी विभिन्न धार्मिक स्थलों में चल रहे विकास कार्यों का जायजा भी लेंगे। उल्लेखनीय है कि योगी सरकार महाकुम्भ को स्वच्छ और सुरक्षित महाकुम्भ के तौर पर प्रस्तुत करने पर सर्वाधिक जोर दे रही है। इसी वजह से यहां विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है, जिसे सीएम स्वयं हरी झंडी दिखाएंगे। 

  • स्वच्छता और सुरक्षा को करेंगे मजबूत 

प्रयागराज दौरे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इसमें सबसे पहले सीएम नगर निगम कार्यालय में स्वच्छता परियोजनाओं की मॉनिटरिंग के लिए नवनिर्मित कंट्रोल रूम का अनावरण करेंगे। कंट्रोल रूम के साथ ही अन्य परियोजनाओं और सफाई उपकरणों को भी सीएम द्वारा लोकार्पित किया जाएगा। इन सभी परियोजनाओं की लागत करीब 14 करोड़ रुपए होगी। इसके अतिरिक्त सीएम योगी परेड मेला क्षेत्र में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में स्वच्छता उपकरणो (टिपर, कॉम्पैक्टर आदि) का भी अनावरण करेंगे, जिसकी कुल लागत 50.38 करोड़ रुपए है। यही नहीं, सीएम 173 करोड़ रुपए के फायर, जल पुलिस, रेडियो, यातायात के उपकरणो का भी अनावरण करेंगे। इस तरह सीएम योगी महाकुम्भ 2025 में सुरक्षा, स्वच्छाग्रहियों एवं गंगा सेवा दूतों के लिए 237.38 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इन उपकरणो के माध्यम से महाकुम्भ को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी। 

  • स्वच्छाग्रहियों को मिलेगा उपहार 

एक तरफ सीएम योगी स्वच्छता और सुरक्षा को मजबूत करने के लिए विभिन्न परियोजनाओं का अनावरण करेंगे तो दूसरी ओर वह महाकुम्भ को स्वच्छ बनाने में जुटे स्वच्छाग्रहियों व सफाई कर्मियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित भी करेंगे। इसके तहत सीएम योगी करीब 20 हजार स्वच्छाग्रहियों व सफाई मित्रों को यूनिफॉर्म किट तथा नाविकों को लाइफ जैकेट प्रदान करेंगे। इसी तरह, स्वच्छ कुम्भ कोष के अंतर्गत 15 हजार से अधिक कर्मियों (10 हजार कार्मिक, 3 हजार नविक और अन्य) को 5 से अधिक योजनाओं से भी जोड़ने का काम करेंगे। इन योजनाओं के तहत कर्मियों को बीमा प्रमाण पत्र भी वितरित किए जाएंगे। इस अवसर पर सीएम योगी समेत गणमान्य अतिथि स्वच्छ कुम्भ एवं स्वच्छ प्रयागराज की परिकल्पना की शपथ भी लेंगे। 

  • विकास कार्यों का करेंगे निरीक्षण

प्रयागराज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विभिन्न विकास कार्यों का जायजा भी लेंगे। इलाहाबाद विश्विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के अतिरिक्त वह नागवासुकि मंदिर में दर्शन भी करेंगे, जबकि दशाश्वमेध घाट, गंगा रिवर फ्रंट, गंगा नदी में हो रहे ड्रेजिंग कार्यों एवं पांटून पुलों के कार्यों का निरीक्षण भी करेंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दृष्टिगत वह संगम नोज पर प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का भी निरीक्षण करेंगे, जबकि गूगल के साथ एमओयू का भी हस्तांतरण करेंगे। गूगल के साथ हुए इस करार के तहत पहली बार गूगल अपने नेवीगेशन में महाकुम्भ के लिए बनाए जा रहे अस्थायी शहर को शामिल करेगा, जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं को गूगल मैप की मदद से मेला क्षेत्र में प्रमुख धार्मिक स्थलों,घाटों एवं अखाड़ों तक पहुंचने में नेवीगेशन सहायक की भूमिका अदा करेगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement