Ballia : बलिया के होमगार्ड कमांडेंट धीरेंद्रनाथ सिंह को राष्ट्रपति पदक, सम्मान में समारोह आयोजित
कार्यक्रम में ठाकुर सोहन सिंह ने धीरेंद्रनाथ सिंह के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि धीरेंद्रनाथ सिंह को उनकी 25 वर्षों की समर्पित सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित करने की घोषणा
बलिया के दौलतपुर, पचगांवां में अखिल भारतीय क्षत्रिय मंच, बलिया और अन्नू बाबा फाउंडेशन, पिपरा कलां के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह फतेहगढ़ के होमगार्ड कमांडेंट धीरेंद्रनाथ सिंह को 25 वर्षों की उत्कृष्ट और समर्पित सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किए जाने की घोषणा के उपलक्ष्य में आयोजित हुआ। समारोह का आयोजन देवेंद्रनाथ सिंह ने किया, जिसमें सूर्यनाथ सिंह (पूर्व उपप्रधानाचार्य) सभापति के रूप में उपस्थित थे। मुख्य अतिथि स्वयं धीरेंद्रनाथ सिंह थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में मोतीलाल सिंह (पूर्व सेवानिवृत्त अध्यापक और पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी) और अतिथि अभिभावक के रूप में रामजी सिंह (समाजसेवी) मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन ठाकुर सोहन सिंह (अध्यक्ष, अखिल भारतीय क्षत्रिय मंच, बलिया) और सह-संचालक अंजनी सिंह ने किया। वक्ताओं में सुरेंद्रनाथ तिवारी, विजयशंकर सिंह, जितेंद्रनाथ सिंह और देवेंद्रनाथ सिंह शामिल थे।
कार्यक्रम में ठाकुर सोहन सिंह ने धीरेंद्रनाथ सिंह के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि धीरेंद्रनाथ सिंह को उनकी 25 वर्षों की समर्पित सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक से सम्मानित करने की घोषणा की गई है। यह प्रतिष्ठित पदक उन्हें 6 दिसंबर, 2025 को लखनऊ में होमगार्ड मुख्यालय में होमगार्ड स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान उनके कर्तव्यनिष्ठा, मेहनत और समाज के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
धीरेंद्रनाथ सिंह का जन्म बलिया के पचगांवां क्षेत्र के दौलतपुर गांव में हुआ। उनके पिता का नाम स्वर्गीय कमलाकांत सिंह था और उनके बड़े भाई देवेंद्रनाथ सिंह हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा दौलतपुर के प्राथमिक विद्यालय में हुई। इसके बाद उन्होंने नैनीताल के सितारगंज और फिर बरेली में अपनी पढ़ाई पूरी की। शिक्षा पूरी करने के बाद वे होमगार्ड विभाग में शामिल हुए और अपनी मेहनत और लगन से फतेहगढ़ में कमांडेंट के पद तक पहुंचे। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उनके गांव दौलतपुर, बल्कि पूरे करइल क्षेत्र और बलिया जनपद का नाम गौरवान्वित किया है।
समारोह में उपस्थित लोगों ने धीरेंद्रनाथ सिंह की उपलब्धियों की जमकर सराहना की। वक्ताओं ने उनके जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही और युवाओं को उनके जैसे मेहनत और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। धीरेंद्रनाथ सिंह ने अपने संबोधन में ग्रामवासियों और आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं से अपील की कि वे कठिन परिश्रम करें और अपने परिवार, गांव और जनपद का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि मेहनत और ईमानदारी से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।
Also Click : Hardoi : सांडी और हरपालपुर में बाढ़ का कहर, गांवों में पानी ही पानी
What's Your Reaction?