Hardoi News: भाजपा रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती भव्य रूप से मनाएगी- अजीत सिंह बब्बन
"भाजपा रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती भव्य रूप से मनाएगी। 21 से 31 मई तक भाजपा अहिल्याबाई होल्कर स्मृति अभियान आयोजित...
रिपोर्ट- अम्बरीष कुमार सक्सेना
हरदोई। "भाजपा रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती भव्य रूप से मनाएगी। 21 से 31 मई तक भाजपा अहिल्याबाई होल्कर स्मृति अभियान आयोजित करेगी। जिसमें महिला स्वयंसेवी संगठनों और स्थानीय निकायों की भी भागीदारी होगी।" भारतीय जनता पार्टी रानी अहिल्याबाई होल्कर के 300वें जन्मदिवस पर 'त्रिशताब्दी स्मृति अभियान' के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित करेगी। भाजपा पार्टी कार्यालय पर आयोजित जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन की अध्यक्षता एवं मुख्य अतिथि क्षेत्रीय मंत्री संजय गुप्ता की उपस्थिति में हुई बैठक में यह जानकारी दी गई। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री एवं अभियान संयोजक सत्येंद्र राजपूत ने किया।
बैठक में भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री ने रानी अहिल्याबाई के योगदान को याद किया। उन्होंने बताया कि अहिल्याबाई मालवा की न्यायप्रिय शासिका थीं। उन्होंने महिलाओं और गरीबों के कल्याण के लिए कई योजनाएं शुरू कीं। अपने शासनकाल में उन्होंने देशभर के प्रमुख मंदिरों का पुनर्निर्माण करवाया। साथ ही धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों की रक्षा की।
कहा कि भाजपा रानी अहिल्याबाई के आदर्शों को नारी सशक्तिकरण का मार्गदर्शक मानती है। उनकी प्रेरणा से ही पार्टी महिलाओं के हित में विभिन्न योजनाएं चला रही है। त्रिशताब्दी स्मृति अभियान के जरिए पूरे देश में रानी अहिल्याबाई के जीवन की प्रेरक गाथाएं साझा की जाएगी। इससे महिलाओं में अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। कार्यक्रम 20- 21 मई महिला सशक्तिकरण दौड़, 22 मई जिला संगोष्ठी,23 - 24 मई घाट सज्जा एवं नदी आरती,25 मई प्रदर्शनी ,26 - 28 मई पंचायत प्रतिनिधि जिला सम्मेलन 29 -30 मई नगरपालिका, नगर पंचायत महिला सशक्तिकरण सम्मेलन,29 -30 मई ब्लॉक स्तर महिला सशक्तिकरण सम्मेलन,31 मई एनजीओ के माध्यम से पुण्यश्लोक रानी अहिल्याबाई जन्म त्रिशताब्दी श्रद्धांजलि समारोह होगा।
बैठक में जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने बताया कि रानी अहिल्याबाई ने नारी सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय और राष्ट्रनिर्माण के लिए अपने जीवन को समर्पित किया। एक महान शासिका थीं, जिन्हें उनकी देशभक्ति, दूरदर्शिता और प्रशासनिक कुशलता के लिए जाना जाता है। उन्होंने 1767 से 1795 तक मालवा क्षेत्र पर शासन किया, जो मराठा साम्राज्य का एक महत्वपूर्ण हिस्सा था। उनकी शासनकाल के दौरान उन्होंने कई क्षेत्रों में प्रमुख सुधार किए और अपने क्षेत्र में सामाजिक और आर्थिक विकास को बढ़ावा दिया। अहिल्याबाई को एक शक्तिशाली और न्यायप्रिय शासक के रूप में जाना जाता है।
देवी अहिल्याबाई का सादगीपूर्ण जीवन, नीति युक्त शासन और कुशल राजनीति का संसार के इतिहास में एक विशेष स्थान है। 13 अगस्त,1795 के दिन 70 वर्षीया रानी की दिव्य आत्मा ने शरीर छोड़ दिया। लोकमाता अहिल्याबाई राजश्री से राजर्षि के रूप में संसार में प्रसिद्ध हुईं। कवि मोरोपंत के शब्दों में, ‘‘देवी अहिल्याबाई का निष्ठावान और कर्तव्य परायण चरित्र महाराष्ट्र ही नहीं, अपितु पूरे देश में लोकप्रिय है। वह गंगा नदी के समान पवित्र हैं। सदा सद्भावना-युक्त कार्य कर सभी का कल्याण करती हैं। इन्हीं सद्गुणों के कारण वह जन-जन के हृदय में स्थान बनाए हुए हैं। कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को सभी कार्यक्रमों में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी है और कार्यक्रम को सफल बनाना है।
बैठक में क्षेत्रीय मंत्री विनोद वर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष राम बहादुर सिंह, जिला उपाध्यक्ष सिद्ध प्रताप मौर्या, राजेश अग्निहोत्री, संदीप सिंह, संजय सिंह, प्रीतेश दीक्षित, विनोद राठौर, जिला महामंत्री अनुराग मिश्र, ओम वर्मा, जिला मंत्री अविनाश पांडे, नीतू चंद्रा, अजय, रामनंदनी, जिला मीडिया प्रभारी गांगेश पाठक, प्रचार मंत्री संदीप अवस्थी, कार्यालय मंत्री अतुल सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष आकाश सिंह, सह मीडिया प्रभारी परेश गुप्ता सत्यम शुक्ल सोशल मीडिया संयोजक प्रद्युम्न मिश्रा, नगर अध्यक्ष मुदित बाजपेई, लक्ष्मी राजपूत, बिशुन दयाल, अभय शंकर शुक्ल, असद इराकी आदि मौजूद रहे।
What's Your Reaction?