Sambhal : बिछौली में बुलडोजर कार्रवाई के बाद बड़ा खुलासा, सरकारी जमीन पर 40 और अवैध मकान मिले
बुधवार की कार्रवाई के बाद तहसील प्रशासन ने बिछौली गांव में सरकारी भूमि की दोबारा पैमाइश कराई। इस पैमाइश के दौरान अभिलेखों में दर्ज सरकारी भूमि पर बड़ी संख्या में अवैध निर्माण
Report : उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल जनपद में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिस बिछौली गांव में बुधवार को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर पांच अवैध मकानों को ध्वस्त किया था, उसी गांव में अब और बड़ा मामला सामने आया है। प्रशासनिक जांच में करीब 20 बीघा सरकारी जमीन पर बने 40 और अवैध मकान चिन्हित किए गए हैं।
बुधवार की कार्रवाई के बाद तहसील प्रशासन ने बिछौली गांव में सरकारी भूमि की दोबारा पैमाइश कराई। इस पैमाइश के दौरान अभिलेखों में दर्ज सरकारी भूमि पर बड़ी संख्या में अवैध निर्माण पाए गए। इनमें आवासीय मकान शामिल हैं, जो बिना किसी वैध दस्तावेज के बनाए गए बताए जा रहे हैं।
नायब तहसीलदार ने बताया कि सभी चिन्हित कब्जेदारों को जल्द ही नोटिस जारी किए जाएंगे। नोटिस के माध्यम से उन्हें अपना पक्ष रखने और दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि यदि कब्जेदार निर्धारित समय में वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाए, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ है कि यह भूमि सरकारी अभिलेखों में सार्वजनिक उपयोग के लिए दर्ज है।
ऐसे में अवैध कब्जों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि पर्याप्त साक्ष्य न मिलने की स्थिति में बिछौली गांव में इन अवैध मकानों पर भी बुलडोजर कार्रवाई की जा सकती है। गौरतलब है कि सम्भल में हाल के दिनों में सरकारी जमीन से अवैध कब्जे हटाने के लिए अभियान तेज किया गया है, लेकिन इसके बावजूद नए-नए मामले सामने आना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।
Also Click : Bhadohi : भदोही में जनता दर्शन के दौरान डीएम ने ठंड से कांपती बुजुर्ग महिलाओं को अपने हाथों से दिए कंबल
What's Your Reaction?











