Sambhal : नेत्र वसंत अभियान से सम्भल की आंखों में लौटी रोशनी, 35 गांव बने मोतियाबिंद मुक्त, सहयोगकर्ता सम्मानित
इस प्रोजेक्ट का लक्ष्य जनपद सम्भल की सभी 670 ग्राम पंचायतों को पूरी तरह मोतियाबिंद मुक्त बनाना है। शुरुआत राज्य सरकार के एस्पिरेशनल ब्लॉक जुनावई से की गई, जहां अब
Report : उवैस दानिश, सम्भल
जनपद सम्भल को मोतियाबिंद जैसी बच सकने वाली अंधता से मुक्त करने के उद्देश्य से शुरू किया गया ‘नेत्र वसंत’ प्रोजेक्ट लगातार बड़ी सफलता की ओर बढ़ रहा है। यह महत्वाकांक्षी अभियान गत वर्ष जून माह में सी.एल. गुप्ता आई इंस्टीट्यूट की डॉ. शिखा गुप्ता के नेतृत्व में प्रारंभ हुआ, जिसमें चोलामंडलम और साइटसेवर्स इंडिया का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
इस प्रोजेक्ट का लक्ष्य जनपद सम्भल की सभी 670 ग्राम पंचायतों को पूरी तरह मोतियाबिंद मुक्त बनाना है। शुरुआत राज्य सरकार के एस्पिरेशनल ब्लॉक जुनावई से की गई, जहां अब तक 35 गांवों को मोतियाबिंद मुक्त किया जा चुका है। अभियान के तहत 21 हजार से अधिक ग्रामीणों की आंखों की स्क्रीनिंग की गई, जिनमें से 1,842 जरूरतमंद मरीजों की सफल सर्जरी कर उन्हें नई दृष्टि प्रदान की गई। इस अभियान की सफलता में आशा कार्यकर्ताओं और ग्राम प्रधानों की भूमिका को बेहद अहम बताया गया।
जमीनी स्तर पर इनकी सक्रिय भागीदारी के चलते जरूरतमंद मरीजों की पहचान और उन्हें उपचार से जोड़ना संभव हो पाया। इसी कड़ी में आयोजित अभिनंदन समारोह में इन सभी सहयोगियों के योगदान की सराहना की गई। अधिकारियों ने जनपद के सभी ग्राम प्रधानों और आशा दीदियों से अपील की कि वे इस अभियान में पूर्ण सहयोग करें और अपने-अपने क्षेत्रों में मोतियाबिंद से पीड़ित हर व्यक्ति तक इस सुविधा को पहुंचाएं, ताकि कोई भी ग्रामीण बच सकने वाली अंधता का शिकार न रहे। ‘नेत्र वसंत’ न सिर्फ एक स्वास्थ्य अभियान है, बल्कि सम्भल के गांवों में उजाले की एक नई शुरुआत भी बन चुका है।
Also Click : Hardoi : थाना सुरसा पुलिस ने चोरी की गई भैंस सहित दो आरोपियों को पकड़ा
What's Your Reaction?











