Bijnor News: बिजनौर विश्व हिंदू परिषद के नेता पर जानलेवा हमला, नगर पंचायत अध्यक्ष पर गंभीर आरोप।

बिजनौर जिले के झालू इलाके में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के नेता ....

Oct 21, 2024 - 13:57
53 Views
Bijnor News: बिजनौर विश्व हिंदू परिषद के नेता पर जानलेवा हमला, नगर पंचायत अध्यक्ष पर गंभीर आरोप।

रिपोर्ट- दिनेश कुमार प्रजापति ब्यूरो चीफ, बिजनौर

बिजनौर जिले के झालू इलाके में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के नेता और जिले में धर्म प्रसार प्रमुख ज्ञानेश्वर सिंह पर जानलेवा हमला किया गया। सिंह साइकिल पर सैर कर रहे थे, तभी बाइक सवार दो युवकों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों की पहचान मुकुल और शुभम के रूप में हुई है। इस हमले में गंभीर रूप से घायल हुए ज्ञानेश्वर सिंह को तुरंत मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

रविवार सुबह, ज्ञानेश्वर सिंह रोज की तरह अपनी सैर पर निकले थे और गोल बाग की ओर जा रहे थे। तभी रास्ते में गौशाला के पास बाइक सवार मुकुल और शुभम ने उनकी साइकिल को रोककर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए किसी तरह सिंह वहां से भागकर झालू पुलिस चौकी पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। हमले के पीछे सिर्फ मुकुल और शुभम नहीं, बल्कि नगर पंचायत अध्यक्ष लोकेंद्र चौधरी, उनके भाई उपेंद्र चौधरी और एक अन्य व्यक्ति अजीत उर्फ रूबी का भी हाथ होने का आरोप लगाया गया है। ज्ञानेश्वर सिंह ने हल्दौर थाने में इन सभी के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।

Also Read- Political News: ओवैसी ने मुसलमानो को लेकर किया ट्वीट, लिखा- मुसलमान को देश में बना दिया गया अछूत। 

ज्ञानेश्वर सिंह ने बताया कि कुछ दिनों पहले उन्होंने ऑनलाइन सट्टे के रैकेट की शिकायत की थी, जिसमें चेयरमैन के करीबी लोग शामिल थे। इसके अलावा, हाल ही में हुए सरकारी गन्ना समिति चुनाव को लेकर भी चेयरमैन के साथ उनकी रंजिश चल रही थी। सिंह का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते उन पर हमला करवाया गया है।

ज्ञानेश्वर सिंह की तहरीर के आधार पर मुकुल, शुभम, नगर पंचायत अध्यक्ष लोकेंद्र चौधरी, और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। हल्दौर थाना प्रभारी राम प्रताप ने बताया कि आरोपियों की गंभीरता से जांच की जा रही है।

दूसरी ओर, नगर पंचायत अध्यक्ष लोकेंद्र चौधरी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि यह एक राजनीतिक साजिश के तहत उन्हें फंसाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर वे दोषी होते, तो पहले जांच होती, लेकिन बिना जांच के ही उनका नाम रिपोर्ट में दर्ज करवाया गया, जो पूरी तरह गलत है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow