Hardoi News: दिव्यांग कलाकारों ने किया व्हील चेयर पर शास्त्रीय नृत्य और योग।

अंतरराष्ट्रीय कलाकारों ने मुग्ध किया हरदोई को,गणपति पांडाल में दिखा देशभक्ति और आध्यात्म का संगम...

Sep 10, 2024 - 17:27
63 Views
 Hardoi News: दिव्यांग कलाकारों ने किया व्हील चेयर पर शास्त्रीय नृत्य और योग।

हरदोई। श्री विनायक समिति हरदोई द्वारा आयोजित श्री गणेश महोत्सव के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर तीसरी शाम दिव्यांग कलाकारों के नाम रही। वी आर वन ग्रुप के दिव्यांग कलाकारों ने व्हीलचेयर पर भरतनाट्यम और योगा करके सभी को स्तब्ध कर दिया। मंच पर धर्म और भाषा की दीवार टूट कर भारतीय परंपरा को स्थापित करने में सफल रही।

पहली प्रस्तुति में कलाकारों ने भारत हमको जान से प्यार है पर सूफी अंदाज में जैसे ही नृत्य करते हुए मंच पर प्रवेश किया पूरा पंडाल तालिया से गूंज उठा। दिव्यांग कलाकारों को इस तरह नृत्य करते देखकर सभी हतप्रभ थे। अपनी अगली प्रस्तुति में बैसाखी और व्हीलचेयर पर खड़े होकर कलाकारों ने पिरामिड बनाकर ऊंची गणेश जी की आकृति बनाई तो पंडाल गणपति बप्पा मोरिया के जयकारों से गूंज उठा,दर्शक तालियां बजा कर कलाकारों को प्रोत्साहित कर रहे थे।

अपनी शारीरिक अक्षमता को ताकत बनते हुए इन कलाकारों ने इसके बाद भागवत गीता के सार रूप में कुरुक्षेत्र के मैदान का दृश्य और दशावतार की कथा मंचित की तो सभी रोमांचित हो गए । व्हीलचेयर पर कलाकारों का नृत्य,चपलता,संतुलन, तेजी के साथ गिरना और बैसाखी और व्हीलचेयर से पिरामिड बनाना,सभी कुछ दर्शकों को मुग्ध कर रहा था। 

दुर्गा ऑन व्हील प्रस्तुति में महिषासुर और देवी दुर्गा के भयंकर युद्ध के मध्य शेर के आक्रमण को दर्शक दम साध कर देख रहे थे और जैसे ही महिषासुर का वध हुआ। सभी ने जयकारों से पंडाल को गूंजा दिया।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध 15 से अधिक देशों में कार्यक्रम प्रस्तुत करके गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करने वाले इन कलाकारों ने नारी सशक्तिकरण के माध्यम से हाल ही में घटित, कोलकाता कांड पर अपनी प्रस्तुति देकर सभी को भावुक कर दिया। कलाकारों का सशक्त अभिनय और पीड़ा ने दर्शकों को मंच से जोड़े रखा। प्रस्तुति समाप्त होने के बाद भी एकदम सन्नाटा छाया था। जब कलाकारों ने मंच से प्रस्थान किया तो लोगो ने तालियां बजा कर उनका अभिनंदन किया।

इसके बाद कलाकारों ने व्हीलचेयर पर योग मुद्राएं मयूरासन, शीर्षासन, वज्रासन,भुजंगासन जैसे अनेकों आसनों को कर के सभी को योग के प्रति सचेत रहने का संदेश दिया। कलाकारों का शिव तांडव पर नृत्य हो या फिर भरतनाट्यम का प्रदर्शन,अपनी रंग बिरंगी वेशभूषा और चपलता से किए जा रहे नृत्य से सभी को अचंभित कर रहे कलाकारों ने अंतिम प्रस्तुत जय हो में सेवा के जवानों और देशभक्ति के जज्बे को मंच पर साकार कर दिया। दिव्यांग कलाकारों ने ऊंचा पिरामिड बनाकर जैसे ही शीर्ष पर खड़े कलाकार ने तिरंगा लहराया तो जोश और गर्व से पूरा पंडाल भारत माता की जय के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

वी आर वन ग्रुप के निर्देशक हसनैन की भावना ने सभी को अभिभूत कर दिया। भागवत गीता और शिव तांडव पर किए गए नृत्य के अलावा गणपति बप्पा से उनका आशीर्वाद लेना, गणपति उत्सव के उद्देश्य सभी धर्म,जातियों और समाज को एकजुट करने की कल्पना को सार्थक कर दिया। कार्यक्रम का संचालन अयोध्या से आए देश दीपक मिश्र ने किया।इस अवसर पर कलाकारों का सम्मान स्मृति चिन्ह और पटका प्रदान कर समिति के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने किया।

इसे भी पढ़ें:- Hardoi News: उपज बढ़ाओ - इनाम पाओ योजना के अंतर्गत गन्ना रैली को रीजनल हेड ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।

इसके पूर्व गणपति की संध्या आरती में पूर्व राज्य मंत्री मुकेश कुमार अग्रवाल सहित संरक्षक राजेंद्र पटेल,प्रमोद कुमार सिंह पामू,श्याम अवतार गुप्ता,सर्वेश गुप्ता जिला पंचायत सदस्य,हरिशंकर जालान, रीना गुप्ता रंगोली मंडप,महेंद्र पटेल,विमलेश गुप्ता समेत भारी संख्या में दर्शक देर रात तक उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow