अयोध्या न्यूज़: न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद की समय सीमा 15 जून तक।

Jun 10, 2024 - 16:45
69 Views
अयोध्या न्यूज़: न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद की समय सीमा 15 जून तक।

जिले में लक्ष्य की तुलना में अब तक हुई महज 5.25 फीसदी गेहूं की खरीद

अयोध्या। मूल्य समर्थन योजना के तहत न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद की समय सीमा अब दो सप्ताह से भी कम बची है। जिले में लक्ष्य की तुलना में अब तक 5.25 फीसदी गेहूं की खरीद हो सकी है। जिला प्रशासन और खाद्य विभाग के अधिकारियों के तमाम प्रयासों के बाद भी किसानों ने क्रय केंद्रों पर गेहूं बेचने में रूचि नहीं दिखाई। ऐसे में गेहूं खरीद लक्ष्य से काफी पीछे रह गई।

इसका प्रमुख कारण खुले बाजार में फ्लोर मिलों की ओर से ज्यादा कीमत पर किसानों से गेहूं की खरीद किया जाना बताया जा रहा है। इस बार अधिकतर किसानों ने गेहूं का भाव बढ़ने की आशंका के चलते गेहूं बेचने की बजाय अपने घरों पर ही स्टोर कर लिया।

इसका नतीजा यह हुआ कि न्यूनतम समर्थन मूल्य से खुले बाजार में गेहूं का भाव 100 रुपये प्रति क्विंटल से अधिक हो गया। इसके बाद किसान अपना गेहूं खुले बाजार में बेचने लगे और क्रय केंद्रों पर सन्नाटा पसर गया। 15 जून तक गेहूं खरीदने के लिए सरकारी क्रय केंद्र अभी खुले रहेंगे। इसके बावजूद गेहूं खरीद के आंकड़ों में अब वृद्धि होने की उम्मीद नहीं लग रही है।

जिला खाद्य विपणन अधिकारी अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि जिले को दिए गए 54,000 एमटी लक्ष्य की तुलना में 5.25 फीसदी गेहूं की खरीद की जा चुकी है। किसानों ने खुले बाजार में भाव बढ़ने की उम्मीद में क्रय केंद्रों पर गेहूं बेचने के बजाय अपने घरों पर ही रोक रखा था।

अब खुले बाजार में गेहूं का भाव समर्थन मूल्य से अधिक हो जाने के कारण क्रय केंद्रों पर किसान नहीं आ रहे हैं। 15 जून तक किसानों के लिए क्रय केंद्र खुले रहेंगे। जिन किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अपने गेहूं की बिक्री करनी है, वे वहां पर जाकर अपना गेहूं बेच सकते हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow