Gorakhpur News: 1068 करोड़ रुपये के निवेश का मार्ग प्रशस्त करेंगे मुख्यमंत्री, गीडा का 35वां स्थापना दिवस समारोह शनिवार को, सीएम योगी होंगे मुख्य अतिथि। 

ट्रेड शो का करेंगे उद्घाटन, पांच बड़े निवेशकों को भूमि आवंटन पत्र और कौशल विकास का प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं को देंगे सर्टिफिकेट...

By INA News Desk
Nov 29, 2024 - 17:51
68 Views
Gorakhpur News: 1068 करोड़ रुपये के निवेश का मार्ग प्रशस्त करेंगे मुख्यमंत्री, गीडा का 35वां स्थापना दिवस समारोह शनिवार को, सीएम योगी होंगे मुख्य अतिथि। 
Advertisement
Advertisement

गोरखपुर। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) का 35वां स्थापना दिवस समारोह शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सानिध्य में मनाया जाएगा। इस अवसर पर वर्तमान वित्तीय वर्ष में गीडा की तरफ से 1068 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश के सापेक्ष 85 निवेशकों को हुए भूखंडों के आवंटन में से पांच बड़े निवेशकों को खुद मुख्यमंत्री आवंटन प्रमाण पत्र सौंपेंगे। इसके साथ ही वह गीडा के विभिन्न सेक्टरों में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के 209 करोड़ रुपये के कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण करने के अलावा गीडा के नाइलिट सेंटर से कौशल विकास का प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं को सर्टिफिकेट प्रदान करेंगे। स्थापना दिवस पर सीएम योगी गीडा में लगने वाले दो दिवसीय ट्रेड शो और निवेश मित्र पोर्टल पर इंटीग्रेट होने वाली गीडा की 20 सुविधाओं का भी शुभारंभ करेंगे। 

गीडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) श्रीमती अनुज मलिक के मुताबिक स्थापना के 35वें स्थापना वर्ष में गीडा ने अभी तक 3 लाख 27 हजार 313 वर्गमीटर क्षेत्रफल में 85 औद्योगिक भूखंडों का आवंटन किया है। इसके जरिये 1068 करोड़ रुपये का निवेश और 4658 रोजगार सृजन प्रस्तावित है। स्थापना दिवस समारोह में आवंटित किए गए भूखंडों में से पांच बड़े निवेशकों को आवंटन पत्र का वितरण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया जाएगा। गीडा की सीईओ के अनुसार वर्तमान वित्तीय वर्ष में जिन प्रमुख इकाइयों के लिए जमीनों का आवंटन किया गया है उनमें एपीएल अपोलो ट्यूब्स लिमिटेड, एसएलएमजी पीईटी प्लांट, कपिला कृषि उद्योग, आईसन एयर कूलर, टेक्नोप्लास्ट पैकेजिंग प्राइवेट लिमिटेड, मॉडर्न पैकेजिंग प्राइवेट लिमिटेड, नोवामैक्स इंडस्ट्रीज व होटल नीलकंठ ग्रैंड शामिल हैं। 

  • 123 करोड़ के कार्यों का शिलान्यास और 86 करोड़ रुपये के कार्यों का होगा लोकार्पण

गीडा के 35वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट से जुड़ी कुल 209 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात देंगे। वह 123 करोड़ रुपये के कार्यों का शिलान्यास तथा 86 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण करेंगे। शिलान्यास के प्रोजेक्ट्स में 94 करोड़ के सिविल और 29 करोड़ रुपये के विद्युत कार्य शामिल हैं। जबकि लोकार्पण की परियोजनाओं में 72 करोड़ के सिविल और 14 करोड़ रुपये के विद्युत कार्य सम्मिलित हैं। 

  • और बेहतर होगा ईज ऑफ डूइंग बिजनेस

मुख्यमंत्री के हाथों निवेश मित्र पोर्टल पर इंटीग्रेट होने वाली गीडा की 20 सुविधाओं का शुभारंभ होने के साथ ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और बेहतर होगा। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष गीडा के स्थापना दिवस समारोह पर सीएम योगी ने उद्यमियों की सुविधा के लिए ‘गीडा सेवा’ पोर्टल का शुभारंभ किया था। अब निवेश मित्र पोर्टल पर गीडा की 20 सुविधाओं के जुड़ जाने से उद्यमियों को और सहूलियत मिलेगी। 

Also Read- Lucknow News: न दाल पतली होगी, न तेल उबलेगा- चार साल की योजना के क्रियान्वयन पर खर्च होंगे 236 करोड़ रुपये।

  • कौशल विकास का केंद्र बना नाइलिट का गीडा कैम्पस

पिछले स्थापना दिवस समारोह में गीडा ने नाइलिट (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी) से एमओयू कर स्थानीय युवाओं के कौशल विकास के लिए 9280 वर्गमीटर का कैम्पस, निर्मित भवन के साथ निशुल्क उपलब्ध कराया था। नाइलिट का गीडा कैम्पस कौशल विकास का केंद्र बनकर उभरा है। यहां अभी तक 13 पाठ्यक्रमों में 617 युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। गीडा के 35वें स्थापना दिवस समारोह में सीएम योगी नाइलिट से प्रशिक्षित पांच युवाओं को सर्टिफिकेट वितरित करेंगे। 

  • दो दिवसीय ट्रेड शो में बड़ी कम्पनियों के साथ दिखेगा स्थानीय उत्पादों का जलवा

गीडा की तरफ से स्थापना दिवस पर दो दिवसीय ट्रेड शो का भी आयोजन किया जा रहा है। इसमें बड़ी कम्पनियों के उत्पादों के साथ स्थानीय उत्पादों, खासकर ओडीओपी का जलवा देखने को मिलेगा। स्थानीय उत्पादों को बेहतर मंच देने के लिए मुख्यमंत्री पहले ही निर्देश दे चुके हैं। ट्रेड शो में पेप्सिको, कोका-कोला, अडानी समूह समेत 15 बड़ी कम्पनियों के प्रतिनिधि भी आएंगे। ट्रेड शो के दूसरे दिन एक दिसंबर को तीन तकनीकी सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement