Greater Noida : यूपीआईटीएस 2025 में ग्रामीण आजीविका मिशन के स्टालों पर दीदियों के उत्पादों को वैश्विक पहचान, 2.26 लाख की बिक्री
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि ट्रेड शो से समूह की महिलाओं को अपने उत्पादों के विपणन का बड़ा अवसर मिला है। इससे उनके उत्पादों को अच्छा बाजार मिलेगा और वै
ग्रेटर नोएडा : उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार शो (यूपीआईटीएस 2025) के दूसरे दिन ग्रामीण आजीविका मिशन के स्टालों पर भारी भीड़ उमड़ी। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देश पर आयोजित इस मेले में राज्य के 75 जनपदों से 75 स्वयं सहायता समूहों ने हिस्सा लिया। इन समूहों की महिलाओं द्वारा बनाए उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री हो रही है।
मिशन के स्टालों पर जूट के सामान, जरी साड़ी, ज्वेलरी, चिकनकारी साड़ी व सूट, नमकीन, टेराकोटा सामान, चमड़े के सामान और बलिनी के उत्पाद जैसे वस्तुएं रखी गई हैं। इसके अलावा मसाले, मुरब्बा, अचार, परिधान और जरदोजी कार्य भी बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। आगंतुकों ने समूह गठन, टेक होम राशन, बीसी सखी, विद्युत सखी और बलिनी जैसी योजनाओं के बारे में जानकारी ली। कई लोगों ने मिशन से जुड़ने की इच्छा जताई।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि ट्रेड शो से समूह की महिलाओं को अपने उत्पादों के विपणन का बड़ा अवसर मिला है। इससे उनके उत्पादों को अच्छा बाजार मिलेगा और वैश्विक पहचान बढ़ेगी। देश-दुनिया के सामने उत्तर प्रदेश के स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का हुनर प्रदर्शित हो रहा है।
मिशन निदेशक दीपा रंजन ने बताया कि यह आयोजन स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए बड़ा मौका है। यहां वे अपने उत्पाद बेचकर अच्छा मुनाफा कमा सकती हैं। दोपहर 3 बजे तक स्टालों से 2.26 लाख रुपये का सामान बिक चुका है। बिक्री प्रतिदिन बढ़ने की उम्मीद है। महिलाओं ने अपने हाथों से बने स्वादिष्ट व्यंजन और पारंपरिक खाद्य उत्पाद भी लाए हैं। ये उत्पाद उनकी मेहनत और आत्मनिर्भरता की पहचान हैं। खरीदारों की ओर से आर्थिक मजबूती मिल रही है, जो उनके परिवारों को नई ताकत देगी। दीपा रंजन ने अपील की कि एक्सपो मार्ट आएं, महिलाओं का हौसला बढ़ाएं और लोकल फॉर वोकल को आगे बढ़ाएं। उन्होंने मिशन के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट को क्यूआर कोड से फॉलो करने को कहा, ताकि गतिविधियों का प्रचार बेहतर हो।
अपर निदेशक जयनाथ यादव ने बताया कि मिशन से प्रेरणा कैफे के 10 स्टाल लगाए गए हैं। यहां समूह की महिलाएं पारंपरिक व्यंजन बना रही हैं और परोस रही हैं। स्थानीय लोग और आगंतुक इनकी सराहना कर रहे हैं।
यूपीआईटीएस 2025 का तीसरा संस्करण 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में चल रहा है। यह उत्तर प्रदेश को वैश्विक व्यापार केंद्र बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का यह मंच परंपरा और आधुनिकता का संगम दिखा रहा है।
Also Click : Sambhal : महिला टीचर पर एसिड अटैक की साजिश का खुलासा, मुख्य आरोपी महिला गिरफ्तार
What's Your Reaction?