Sambhal : जिले में अवैध अस्पतालों पर प्रशासन की बड़ी कार्यवाही, 31 अस्पतालों पर गिरी गाज, 19 पर दर्ज हुई एफआईआर

जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि कुछ अस्पताल प्रशासन की पहले की कार्रवाई के बावजूद दोबारा संचालित किए जा रहे थे। यह भी पता चला कि अस्पतालों के संचालन के पीछे दलाल सक्रिय हैं, जो

Sep 18, 2025 - 15:51
 0  172
Sambhal : जिले में अवैध अस्पतालों पर प्रशासन की बड़ी कार्यवाही, 31 अस्पतालों पर गिरी गाज, 19 पर दर्ज हुई एफआईआर
जिले में अवैध अस्पतालों पर प्रशासन की बड़ी कार्यवाही, 31 अस्पतालों पर गिरी गाज, 19 पर दर्ज हुई एफआईआर

Report : उवैस दानिश, सम्भल

जिले में लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर जिला प्रशासन ने अवैध व गैर-पंजीकृत अस्पतालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। डीएम, एसपी, एएसपी और सीएमओ के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जिलेभर में अस्पतालों की जांच की। इस अभियान में पांच मजिस्ट्रेट और एएसपी को शामिल किया गया। अभियान के दौरान 31 गैर-पंजीकृत अस्पतालों पर कार्रवाई की गई, जिनमें से 19 अस्पतालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।

जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि कुछ अस्पताल प्रशासन की पहले की कार्रवाई के बावजूद दोबारा संचालित किए जा रहे थे। यह भी पता चला कि अस्पतालों के संचालन के पीछे दलाल सक्रिय हैं, जो 1 लाख से 5 लाख रुपये तक की राशि लेकर गैर-पंजीकृत अस्पतालों को चालू कराते थे। टीम ने सात दलालों की पहचान की, जिनमें से चार को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में जगत, प्रेम सिंह, बबलू गिरी और संगम शामिल हैं, जबकि तीन दलाल अभी फरार हैं। एसपी ने बताया कि इन सभी पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान गुरुवार को गुन्नौर क्षेत्र में भी 5-6 अस्पतालों को अनियमितताओं के चलते बंद कराया गया। दो अस्पताल ऐसे पाए गए जिनका रजिस्ट्रेशन कानपुर का था, लेकिन संचालन सम्भल में किया जा रहा था। इन अस्पतालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।सबसे गंभीर बात यह रही कि जांच के दौरान 31 अस्पतालों में से किसी भी अस्पताल में डॉक्टर मौजूद नहीं मिला, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गंभीर लापरवाही सामने आई है। यह स्थिति मरीजों की जान के लिए खतरा साबित हो सकती थी।

डीएम ने बताया कि जिले में जल्द ही एक विशेष कैंप का आयोजन किया जाएगा, जहां अस्पताल संचालकों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि गैर-पंजीकृत और नियमों का पालन न करने वाले अस्पतालों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

इस बड़े अभियान से जिले में हड़कंप मच गया है। आम जनता ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा तथा फर्जी अस्पतालों का सफाया होगा।

Also Click : यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल- हरदोई SP नीरज जादौन का तबादला, अलीगढ़ SSP बने; सोनभद्र के अशोक कुमार मीणा को मिली नई जिम्मेदारी

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow