Sitapur : जिलाधिकारी ने राजस्व कार्यों की समीक्षा की, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के दिए सख्त निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व से जुड़े लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर जल्द निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशों में किसी तर
Report : संदीप चौरसिया INA NEWS सीतापुर
सीतापुर जिले में जिलाधिकारी राजा गणपति आर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में नामांतरण, वरासत, सीमांकन, भू-अधिग्रहण, भूमि विवाद निस्तारण, राजस्व वसूली और जनशिकायतों के निराकरण की प्रगति पर विभागवार चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व से जुड़े लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर जल्द निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशों में किसी तरह की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नामांतरण और वरासत के मामलों को समय पर पूरा कर शिकायतकर्ताओं को संतोषजनक समाधान दिया जाए।
राजस्व वसूली की प्रगति को नियमित रूप से मॉनिटर करने और लक्ष्य के अनुसार वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। भूमि विवाद और अन्य जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए राजस्व अधिकारियों को जनता से संवाद बढ़ाने और मौके पर जाकर समस्याओं का समाधान करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि लंबित प्रकरणों की लगातार समीक्षा होगी और प्रगति संतोषजनक न होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ उत्तरदायित्व तय किया जाएगा। सभी उपजिलाधिकारियों को अपने न्यायालयों में नियमित रूप से बैठने और एक वर्ष से अधिक समय से लंबित वादों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। बड़े बकायदारों की सूची तैयार कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने, तालाबों का पट्टा आवंटन मानकों के अनुसार करने और पट्टा मिल चुके लोगों को कब्जा दिलाने के आदेश दिए गए। साथ ही गरीब व्यक्तियों को अनावश्यक परेशान न करने की चेतावनी दी गई, अन्यथा कार्रवाई होगी। सरकारी जमीनों पर किसी भी तरह की प्लाटिंग न होने पाए, यह सुनिश्चित करने को कहा गया।
आईजीआरएस से जुड़ी शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि हर शिकायत पर स्पष्ट आख्या लगाई जाए, स्वयं जांच की जाए और शिकायतकर्ता से बातचीत भी की जाए। सभी शिकायतों का समय पर निस्तारण हो ताकि डिफाल्टर श्रेणी में न आना पड़े। शिकायतकर्ताओं से मधुर भाषा का प्रयोग किया जाए और यदि किसी स्तर से शिकायत हो तो शालीनता से जानकारी दी जाए। अभद्र भाषा के प्रयोग पर कठोर कार्रवाई होगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी नीतीश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक खालिद अंजुम, नगर मजिस्ट्रेट मीनाक्षी पाण्डेय समेत सभी उपजिलाधिकारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?











