Sambhal: विवादित फिल्म पर सपा का विरोध, फिरोज़ ख़ां ने प्रशासन से की शूटिंग रोकने की मांग।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व जिलाध्यक्ष फिरोज़ ख़ां ने सम्भल में प्रस्तावित एक विवादित फिल्म की शूटिंग
उवैस दानिश, सम्भल
समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व जिलाध्यक्ष फिरोज़ ख़ां ने सम्भल में प्रस्तावित एक विवादित फिल्म की शूटिंग को लेकर कड़ा ऐतराज़ जताया है। उन्होंने ज़िलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के नाम संबोधित ज्ञापन एडीएम सौंपते हुए मांग की कि ऐसी किसी भी फिल्म को सम्भल में शूटिंग की अनुमति न दी जाए, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
फिरोज़ ख़ां ने कहा कि “अब्बा जान” और “भाईजान” जैसे नामों को लेकर बनाई जा रही फिल्म में 1978 से अब तक की घटनाओं का ज़िक्र किया जा रहा है, जो सम्भल जैसे संवेदनशील और पिछड़े ज़िले में अनावश्यक विवाद और उत्तेजना पैदा कर सकता है। उन्होंने कहा कि नवंबर 2024 में मस्जिद विवाद के दौरान प्रशासन और जनता ने मिलकर शांति बनाए रखने के लिए कड़ी मेहनत की थी और अब शहर में अमन-चैन का माहौल बना है। उन्होंने सवाल उठाया कि सम्भल को रेलवे लाइन, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, रोज़गार और किसानों की सुविधाओं की ज़रूरत है, न कि ऐसी फिल्मों की जो समाज में तनाव बढ़ाएं। “मैं किसी को धमकी नहीं दे रहा, लेकिन प्रशासन से मेरी अपील है कि ऐसी विवादित फिल्म की शूटिंग यहां न होने दी जाए। सांसदों पर लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए फिरोज़ ख़ां ने कहा कि बिना सबूत किसी जनप्रतिनिधि की छवि धूमिल करना पूरे लोकतंत्र और सांसद की गरिमा का अपमान है। उन्होंने कहा कि जनता विश्वास के आधार पर सांसद चुनती है और राजनीतिक फायदे के लिए समाज में ज़हर घोलने की कोशिश गलत है। परिवारवाद के मुद्दे पर खुलकर बोलते हुए फिरोज़ ख़ां ने कहा कि विरासत की राजनीति अब खत्म होनी चाहिए। उन्होंने कहा, “मैं 28 साल से राजनीति में सेवा कर रहा हूं, चार बार टिकट मांगा है और इस बार भी मांग रहा हूं। क्या एक आम कार्यकर्ता इस काबिल नहीं होता?” उन्होंने साफ कहा कि किसी भी पार्टी में परिवारवाद नहीं होना चाहिए और 2027 के चुनाव में नए और नौजवान चेहरों को मौका मिलना चाहिए। चुनाव लड़ने के सवाल पर फिरोज़ ख़ां ने दो टूक कहा कि वह सौ फीसदी चुनाव लड़ेंगे, हालांकि पार्टी हाईकमान के फैसले को अंतिम मानेंगे। उन्होंने दावा किया कि पार्टी नेतृत्व से उनकी कई बार बातचीत हो चुकी है और सम्भल के हालातों से हाईकमान भली-भांति वाकिफ है। अंत में उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी PDA के सिद्धांत पर चलते हुए युवाओं और नए लोगों को आगे बढ़ाएगी, तभी जनता का भरोसा कायम रहेगा।
What's Your Reaction?











