पिहानी/हरदोई। जिलाधिकारी अनुनय झा ने पिहानी में सई नदी (भैंसटा नाला) के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन घरों में खाना पकाने की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां तत्काल फूड पैकेट वितरित किए जाएं। स्वास्थ्य विभाग को डोर-टू-डोर अभियान चलाकर संचारी रोगों से बचाव के लिए दवाओं का वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही, प्रभावित लोगों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने और शुद्ध पेयजल के लिए क्लोरीन टैबलेट वितरित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने यह भी आदेश दिया कि जिन घरों में बाढ़ का पानी घुसा है, वहां आपदा राहत धनराशि और राहत किट तुरंत उपलब्ध कराई जाए। बाढ़ शरणालयों को आवश्यकतानुसार संचालित करने, प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों को निरंतर सक्रिय रखने और गौशालाओं में संरक्षित पशुओं के लिए वैकल्पिक प्रबंध करने के निर्देश दिए गए। निजी पशुओं के लिए पशु शरणालय स्थापित करने और बाढ़ का पानी निकलने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करने का भी आदेश दिया गया।जिलाधिकारी धोबिया आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने बाढ़ प्रभावितों से बातचीत की।
प्रभावित लोगों ने बताया कि प्रशासन द्वारा खाने और रहने की समुचित व्यवस्था की गई है। इसके बाद जिलाधिकारी बाबा मैरिज लॉन में बने अस्थाई शरणालय पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रभावितों ने प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी अमित सिंह को राहत शिविर में कूलर सहित अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर सुशील कुमार मिश्रा, उप जिलाधिकारी शाहाबाद अंकित तिवारी, तहसीलदार सदर सचिंद्र कुमार शुक्ला और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।