Lucknow News : विकसित कृषि संकल्प अभियान में 13वें दिन तक 15.55 लाख किसान हुए शामिल
वाराणसी के मेहदीगंज, आरज़ी लाइन्स में भी विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उप कृषि निदे...
- लखनऊ, वाराणसी और अयोध्या में किसान गोष्ठियों का सफल आयोजन
- आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं पर किसानों को दी गई जानकारी
By INA News Lucknow.
लखनऊ : विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत मंगलवार को प्रदेश के विभिन्न जनपदों में कृषक-वैज्ञानिक संवाद गोष्ठियों और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों, सरकारी योजनाओं और टिकाऊ खेती के महत्व के बारे में शिक्षित करना था।
जनपद लखनऊ के विकास खंड चिनहट के ग्राम धतिंगरा में आज, मंगलवार को विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत एक कृषक-वैज्ञानिक संवाद गोष्ठी आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक विनय कौशल, डॉ. ए.के. दुबे (वैज्ञानिक, के.वी.के. लखनऊ), डॉ. कंचन कुमार श्रीवास्तव, डॉ. ललित कुमार, आलोक कुमार पाण्डेय, विवेक चौधरी और ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। गोष्ठी में किसानों को खेती से संबंधित समसामयिक जानकारी जैसे मृदा परीक्षण, संतुलित उर्वरकों और कीटनाशकों का प्रयोग, डी.एस.आर. पद्धति से धान की सीधी बुवाई, बीज शोधन, पॉली हाउस, स्प्रिंकलर, मलचिंग, और सहफसली खेती के बारे में बताया गया। इसके अतिरिक्त, सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कृषि योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।
Also Click : Lucknow News : आबकारी एवं मद्यनिषेध मंत्री नितिन अग्रवाल ने बड़े मंगल के अवसर पर किया भंडारे का आयोजन
इसी क्रम में वाराणसी के मेहदीगंज, आरज़ी लाइन्स में भी विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक शैलेन्द्र कुमार, उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल और जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह मौर्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में किसानों को कृषि से संबंधित सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया गया। उप कृषि निदेशक ने विशेष रूप से जल संचय और वृक्षारोपण पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया।
किसानों को खरीफ फसल उत्पादन तकनीक, डी.एस.आर. विधि, उर्वरकों का संतुलित प्रयोग, नैनो यूरिया, नैनो डी.ए.पी., मिलेट्स, प्राकृतिक खेती, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पीएम कुसुम, एन.एफ.एस.एम. योजना, कृषि यंत्रीकरण, और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित सभी फसलों की उत्पादन तकनीक व अन्य सभी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
जनपद अयोध्या मंडल के संयुक्त कृषि निदेशक ने आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमागंज में आयोजित एक कृषक गोष्ठी में प्रतिभाग किया। इस गोष्ठी में बिहार प्रांत के उपमुख्यमंत्री/कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, कुलपति, कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता और बड़ी संख्या में महिला व पुरुष कृषक उपस्थित रहे। गोष्ठी में विश्वविद्यालय के क्रियाकलापों जैसे मृदा परीक्षण, उर्वरकों का संतुलित उपयोग, आई.पी.एम. पद्धति, मलचिंग, और सहफसली खेती से उत्पादन बढ़ाने आदि विषयों पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
प्रदेश के 75 जनपदों में अब तक लगभग 8775 स्थानों पर विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। आज, तेरहवें दिन तक, विभिन्न गणमान्य जनप्रतिनिधियों, कृषि वैज्ञानिकों और कृषि एवं सहवर्ती विभाग के अधिकारियों के साथ 15,55,715 से अधिक किसानों ने इन कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया है। कार्यक्रम के प्रति कृषकों में बढ़ते उत्साह को देखते हुए, आगामी दिनों में कृषकों की प्रतिभागिता और अधिक बढ़ने की संभावना है।
What's Your Reaction?











