दुःखद: नहीं रहे विश्व विख्यात तबला वादक उस्ताद जाकिर हुसैन, राजनेताओं ने दी श्रद्धांजलि
मशहूर तबला वादक उस्ताद जाकिर हुसैन को हृदय संबंधी समस्याओं के बाद अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को के एक अस्पताल के आईसीयू में रविवार को ही भर्ती कराया....
By INA News..
विश्व विख्यात तबला वादक और पद्म विभूषण उस्ताद जाकिर हुसैन का निधन हो गया है। अमेरिका में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। उन्होंने सेन फ्रांसिसको में अंतिम सांस ली। मशहूर तबला वादक उस्ताद जाकिर हुसैन को हृदय संबंधी समस्याओं के बाद अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को के एक अस्पताल के आईसीयू में रविवार को ही भर्ती कराया गया था। उनके मित्र और बांसुरी वादक राकेश चौरसिया ने इस बारे में जानकारी दी थी। उस्ताद जाकिर हुसैन का जन्म 9 मार्च 1951 को मुंबई में हुआ। उनकी प्रारंभिक शिक्षा सेंट माइकल स्कूल में हुई और ग्रेजुएशन सेंट जेवियर्स कॉलेज से किया।
उस्ताद जाकिर हुसैन को उनके अद्वितीय योगदान के लिए 1988 में पद्म श्री, 2002 में पद्म भूषण और 2023 में पद्म विभूषण से नवाजा गया। इसके साथ ही, उन्हें तीन ग्रैमी अवॉर्ड भी प्राप्त हुए। जाकिर हुसैन के पिता, उस्ताद अल्लाह रक्खा कुरैशी, भी एक प्रसिद्ध तबला वादक थे। उनकी मां का नाम बीवी बेगम था। जाकिर ने मात्र 11 साल की उम्र में अमेरिका में अपना पहला कॉन्सर्ट दिया था। 1973 में, उन्होंने अपना पहला एल्बम 'लिविंग इन द मैटेरियल वर्ल्ड' लॉन्च किया। उनके योगदान को संगीत जगत हमेशा याद रखेगा।
सीएम योगी ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि- विश्व विख्यात तबला वादक, ‘पद्म विभूषण’ उस्ताद जाकिर हुसैन जी का निधन अत्यंत दुःखद एवं संगीत जगत की अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को सद्गति एवं उनके शोकाकुल परिजनों और शोक संतप्त प्रशंसकों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
ॐ शांति!
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने जाकिर हुसैन के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने लिखा है कि जाकिर हुसैन का जाना संगीत जगत के लिए बड़ी क्षति है। उस्ताद जाकिर हुसैन जी अपनी कला की ऐसी विरासत छोड़ गए हैं जो हमेशा यादों में जीवित रहेगी।
सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी उस्ताद जाकिर हुसैन के निधन पर शोक व्यक्त किया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
बता दें कि उस्ताद पिछले कुछ सालों से हृदय संबंधी बीमारी से जूझ रहे थे। करीब 2 साल पहले उन्हें हृदय में ब्लॉकेज के चलते स्टेंट भी लगाया गया था। तबला वादक उस्ताद जाकिर हुसैन का सैन फ़्रांसिस्को के अस्पताल में इलाज चल रहा था।
तीन ग्रैमी अवॉर्ड जीत चुके जाकिर हुसैन ने एक्टर भी थे। उन्होंने 12 फिल्मों में काम किया था। Ustad Zakir Hussain ने शशि कपूर के साथ साल 1983 में आई ब्रिटिश फिल्म 'हीट एंड डस्ट' में काम किया था। यह उनकी एक्टिंग डेब्यू फिल्म थी। इसके अलावा वह साल 1998 में आई फिल्म 'साज' में नजर आए। इसमें शबाना आजमी ने उनकी प्रेमिका का रोल प्ले किया था। उस्ताद जाकिर हुसैन ने Antonia Minnecola से शादी की थी, जो एक कथक डांसर और टीचर होने के साथ ही उनकी मैनेजर भी हैं। उनकी दो बेटियां हैं।
What's Your Reaction?











