Sambhal : सम्भल में अस्पतालों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, पल्स हॉस्पिटल सीज, दो को नोटिस

प्रशासनिक टीम की जांच में पाया गया कि पल्स हॉस्पिटल बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित हो रहा था, साथ ही अस्पताल के बेसमेंट में अवैध तरीके से मरीजों का इलाज कि

By INA News Desk
Sep 22, 2025 - 14:47
391 Views
Sambhal : सम्भल में अस्पतालों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, पल्स हॉस्पिटल सीज, दो को नोटिस
सम्भल में अस्पतालों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, पल्स हॉस्पिटल सीज, दो को नोटिस
Advertisement
Advertisement

Report : उवैस दानिश, सम्भल

सम्भल में स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही और अनियमितताओं को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार और नोडल अधिकारी मनोज चौधरी के नेतृत्व में डॉक्टर कॉलोनी स्थित कई निजी अस्पतालों पर छापेमारी की गई। इस दौरान पल्स हॉस्पिटल में गंभीर खामियां पाए जाने पर उसे सीज कर दिया गया।

प्रशासनिक टीम की जांच में पाया गया कि पल्स हॉस्पिटल बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित हो रहा था, साथ ही अस्पताल के बेसमेंट में अवैध तरीके से मरीजों का इलाज किया जा रहा था, जो कि सुरक्षा मानकों के विपरीत है। छापेमारी के दौरान अस्पताल में प्रतिबंधित दवाइयां भी पाई गईं, जिसके बाद नोडल अधिकारी मनोज चौधरी ने अस्पताल संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।इसके अलावा न्यू लाइफ हॉस्पिटल और त्यागी बच्चा अस्पताल में भी कई कमियां पाई गईं। जांच में सामने आया कि इन दोनों अस्पतालों का लाइसेंस नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है, जिस पर प्रशासन ने दोनों अस्पताल संचालकों को एक सप्ताह का समय देते हुए लाइसेंस रिन्यू कराने का निर्देश दिया। तय समय सीमा में लाइसेंस रिन्यू न कराने पर इन अस्पतालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।अचानक हुई इस कार्रवाई से डॉक्टर कॉलोनी और अन्य निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया। कई अस्पताल संचालक अपने कागजात दुरुस्त करने में जुट गए हैं। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई आम जनता की सुरक्षा और सही इलाज सुनिश्चित करने के लिए की गई है। निजी अस्पतालों में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बिना रजिस्ट्रेशन या अवैध गतिविधियों में लिप्त अस्पतालों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि सभी अस्पताल संचालक जल्द से जल्द अपने दस्तावेज और लाइसेंस अपडेट कर लें, वरना अगली कार्रवाई और भी कड़ी होगी। इस कार्रवाई से साफ है कि सम्भल में स्वास्थ्य सेवाओं को व्यवस्थित करने और मरीजों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के लिए प्रशासन पूरी तरह गंभीर है।

Also Click : Lucknow : लखनऊ में सड़कों और नालियों के लिए 200 करोड़ स्वीकृत, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव हटाए गए

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement