Hardoi: जनपद में शुरू हुआ साल का दूसरा विटामिन ए सम्पूरण अभियान: 5.88 लाख बच्चों को मिलेगी खुराक। 

साल का दूसरा विटामिन ए सम्पूरण कार्यक्रम सोमवार से जनपद में शुरू हो गया है, जो 28 जनवरी 2026 तक चलेगा। इस अभियान के तहत  नौ

Dec 29, 2025 - 18:14
53 Views
Hardoi: जनपद में शुरू हुआ साल का दूसरा विटामिन ए सम्पूरण अभियान: 5.88 लाख बच्चों को मिलेगी खुराक। 
जनपद में शुरू हुआ साल का दूसरा विटामिन ए सम्पूरण अभियान: 5.88 लाख बच्चों को मिलेगी खुराक। 

हरदोई: साल का दूसरा विटामिन ए सम्पूरण कार्यक्रम सोमवार से जनपद में शुरू हो गया है, जो 28 जनवरी 2026 तक चलेगा। इस अभियान के तहत  नौ माह से पाँच वर्ष  तक की आयु के बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाई जाएगी। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भवनाथ पांडे ने स्वशासी मेडिकल कॉलेज में एक बच्चे को विटामिन ए की दवा पिलाकर किया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि विटामिन ए आँखों की रोशनी, बच्चों की शारीरिक वृद्धि और रोग प्रतिरोधक क्षमता के लिए अत्यंत आवश्यक है। यह हड्डियों की मजबूती और सही विकास में सहायक होता है तथा दस्त और खसरे से होने वाली मौतों को कम करने में भी मदद करता है। विटामिन ए त्वचा को स्वस्थ बनाए रखता है। इसकी कमी से रतौंधी, बिटोट्स स्पॉट्स तथा कॉर्निया में घाव जैसी समस्याएँ हो सकती हैं।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि बच्चों में अंधेपन का एक प्रमुख कारण विटामिन ए की कमी है। जनपद में इस अभियान के तहत नौ माह से पाँच वर्ष की आयु के कुल 5.88 लाख बच्चों को विटामिन ए की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें
•    नौ से 12 माह आयु के 64,825 बच्चे,
•    एक से दो वर्ष आयु के 1.24 लाख बच्चे,
•    तथा दो से पाँच वर्ष आयु के लगभग चार लाख बच्चे शामिल हैं।

अभियान के सफल क्रियान्वयन में स्वास्थ्य विभाग के साथ आईसीडीएस विभाग भी सहयोग कर रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को विटामिन ए की खुराक अवश्य पिलवाएँ।
अभियान को लेकर स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। विटामिन ए की दवा नियमित ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (वीएचएसएनडी) के अवसर पर पिलाई जाएगी। इसके साथ ही बच्चों का नियमित टीकाकरण भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य कार्यकर्ता दवा पिलाने के साथ-साथ नियमित टीकाकरण के लाभ, केवल स्तनपान, छह माह की आयु के बाद ऊपरी आहार की शुरुआत तथा खाद्य विविधता के बारे में भी जानकारी देंगे। बच्चों की थाली में पीले, हरे, लाल, नारंगी और सफेद रंग के खाद्य पदार्थ शामिल करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। पालक, गाजर, आम और पपीता जैसे पीले, हरे और नारंगी रंग के खाद्य पदार्थों में विटामिन ए प्रचुर मात्रा में पाया जाता है।

Also Read- Hardoi: अटल स्मृति सम्मेलन में अटल जी के विचारों को किया गया नमन।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow