Lucknow: उत्तर प्रदेश में पर्यटन रोजगार, सांस्कृतिक गौरव और समावेशी विकास का सशक्त माध्यम बनकर उभरा है- जयवीर सिंह
राष्ट्रीय पर्यटन दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल में 25 जनवरी को पूर्वाह्न 10 बजे से एक दिवसीय
लखनऊ: राष्ट्रीय पर्यटन दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल में 25 जनवरी को पूर्वाह्न 10 बजे से एक दिवसीय पर्यटन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविध लोक कलाओं, उभरते पर्यटन आयामों और समुदाय आधारित पहलों को मंच प्रदान करने वाले इस विशेष आयोजन का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह दीप प्रज्ज्वलन के साथ करेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, पर्यटन की संभावनाओं और समावेशी विकास के प्रयासों को प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत किया जाएगा।
राष्ट्रीय पर्यटन दिवस कार्यक्रम में कृषि मंत्री, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि, ग्रामीण पर्यटन समूहों तथा युवा संगठनों की भी सहभागिता रहेगी। ‘ग्रामीण एवं समुदाय-केंद्रित पर्यटन’ की थीम पर यह आयोजन इस दृष्टिकोण को रेखांकित करता है कि उत्तर प्रदेश में पर्यटन अब केवल पर्यटन स्थलों के दर्शन तक सीमित न रहकर रोजगार, नवाचार और युवा सहभागिता का प्रभावी मंच बन रहा है।
राष्ट्रीय पर्यटन दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में पर्यटन रोजगार सृजन, ग्रामीण सशक्तिकरण और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रभावी साधन बन चुका है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा धार्मिक, ग्रामीण, इको और सांस्कृतिक पर्यटन को सुदृढ़ करने के साथ-साथ प्रत्येक स्तर पर समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
राष्ट्रीय पर्यटन दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से होगा। तत्पश्चात, अतिथियों का अभिनंदन एवं संस्कृति विभाग द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। पर्यटन दिवस के अवसर पर ग्रामीण पर्यटन से जुड़े व्यक्तियों एवं प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रीय र्प्यटन दिवस का उद्देश्य अर्थव्यवस्था एवं संस्कृति के लिए जागरूकता उत्पन्न करना है।
What's Your Reaction?











