Ambedkarnagar : सीताघाट पर निषादराज गुह्य और वीर एकलव्य की प्रतिमाओं का अनावरण, समाज महापुरुषों को याद रखे तो लंबे समय तक जीवित रहता है- धर्मेंद्र सिंह
उन्होंने निषादराज गुह्य और वीर एकलव्य के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि निषाद समुदाय ने 1990 में कार सेवा के दौरान सरयू नदी के रास्ते लाखों लोगों को नाव से
अम्बेडकरनगर जिले के सीताघाट में श्री समाधि साहब सर्व समाज सेवा समिति की ओर से निषादराज गुह्य और वीर एकलव्य की प्रतिमाओं का अनावरण किया गया। कार्यक्रम के बाद आयोजित सभा में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और एमएलसी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि जो समाज अपने महापुरुषों और पूर्वजों को याद रखता है, वही लंबे समय तक जीवित रहता है। पूर्व सांसद रितेश पाण्डेय की अध्यक्षता और पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ मिथिलेश त्रिपाठी के संचालन में हुए इस समारोह में धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि संन्यासी और तपस्वी से बेहतर राजा कोई नहीं हो सकता। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ऐसे ही सन्यासी राजा बताया।
उन्होंने निषादराज गुह्य और वीर एकलव्य के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि निषाद समुदाय ने 1990 में कार सेवा के दौरान सरयू नदी के रास्ते लाखों लोगों को नाव से अयोध्या पहुंचाया था। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने अयोध्या के श्रृंगवेरपुर में निषादराज गुह्य और भगवान राम के गले मिलते हुए 51 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की है। धर्मेंद्र सिंह ने निषादराज के गौरवशाली इतिहास, वीर एकलव्य के त्याग और समर्पण तथा सांस्कृतिक पहचान को बचाने की जरूरत पर जोर दिया। विशिष्ट अतिथि पूर्व सांसद प्रवीण निषाद ने कहा कि ऐसी प्रतिमाओं से नई पीढ़ी को अपनी विरासत का पता चलेगा। पूर्व सांसद रितेश पाण्डेय ने श्रीराम और निषादराज की मित्रता को सनातन संस्कृति में सामाजिक समरसता, स्नेह और सम्मान का बेहतरीन उदाहरण बताया।
इस मौके पर कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, राष्ट्रीय परिषद सदस्य राम प्रकाश यादव, पंकज वर्मा, अंशुमान सिंह, आशुतोष उपाध्याय, ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह, त्रिभुवन नाथ, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सहेन्द्र प्रताप वर्मा, जिला पंचायत सदस्य माखनलाल निषाद, महंथ निर्भय दास, महंथ पाण्डेय और सुनील गुप्ता सहित कई लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?