Lucknow : उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति की बैठक में हज-2026 की तैयारियों पर चर्चा
बैठक में हज-2026 की तैयारियों की समीक्षा की गई और हज यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने पर विचार-विमर्श हुआ। समिति ने हज कमेटी के बजट को बढ़ाने के
लखनऊ के इंदिरा भवन में अल्पसंख्यक कल्याण निदेशालय के सभागार में उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति की एक बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता राज्य मंत्री (अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज) और समिति के अध्यक्ष दानिश आजाद अंसारी ने की। बैठक में समिति के सदस्य मोहम्मद इफ्तेखार हुसैन, वली मोहम्मद, नदीमुल हसन, कमरुद्दीन (जुगनू), जुनेद अहमद अंसारी, हाफिज एजाज अहमद (शाहीन अंसारी), जावेद कमर खान, कामरान खान, सैयद अली वारसी, समिति के सचिव/कार्यपालक अधिकारी, वित्त एवं लेखाधिकारी और अन्य अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में हज-2026 की तैयारियों की समीक्षा की गई और हज यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने पर विचार-विमर्श हुआ। समिति ने हज कमेटी के बजट को बढ़ाने के लिए राज्य सरकार से अनुरोध करने का प्रस्ताव रखा, जिस पर सभी सदस्यों ने सहमति जताई। इसके अलावा, हज यात्रियों को अग्रिम धनराशि जमा करने की समय-सीमा बढ़ाने के लिए हज कमेटी ऑफ इंडिया से अनुरोध करने का फैसला लिया गया। स्टेट हज इंस्पेक्टर की आयु सीमा बढ़ाने और हज सब्सिडी को बहाल करने के लिए हज कमेटी ऑफ इंडिया और भारत सरकार से अनुरोध करने पर भी सभी सदस्यों ने एकमत होकर समर्थन किया।
उत्तर प्रदेश राज्य हज सेवा नियमावली-2025 को सरकार से मंजूरी के लिए प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही, लखनऊ के चारबाग स्थित यात्री निवास (मुसाफिरखाना) में सोलर पैनल लगाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। यह कदम पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा दक्षता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना गया।
बैठक में हज यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने पर जोर दिया गया। समिति ने हज यात्रियों के लिए मेडिकल और फिटनेस सर्टिफिकेट की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए जिला अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर सुविधाएं सुनिश्चित करने की बात भी दोहराई, जैसा कि पहले हज कमेटी के सचिव एसपी तिवारी द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया गया था।
What's Your Reaction?











