Sambhal: मिशन शक्ति अभियान के तहत बालिकाओं ने संभाली प्रशासन की कमान, रहनुमा बनी एक दिन की डीएम।

नारी शक्ति को सशक्त बनाने और महिलाओं में आत्मविश्वास जगाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शुरू किए गए मिशन शक्ति अभियान

Sep 25, 2025 - 14:58
816 Views
Sambhal: मिशन शक्ति अभियान के तहत बालिकाओं ने संभाली प्रशासन की कमान, रहनुमा बनी एक दिन की डीएम।
मिशन शक्ति अभियान के तहत बालिकाओं ने संभाली प्रशासन की कमान, रहनुमा बनी एक दिन की डीएम।

उवैस दानिश, सम्भल 

सम्भल: नारी शक्ति को सशक्त बनाने और महिलाओं में आत्मविश्वास जगाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शुरू किए गए मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत सम्भल में बालिकाओं को एक दिन के लिए जिला प्रशासन की बागडोर सौंपी गई। इस पहल का मुख्य उद्देश्य नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी सहभागिता को नई ऊंचाई देना है।

गुरुवार को हुए इस विशेष आयोजन में रहनुमा खान को एक दिन के लिए जिलाधिकारी (डीएम) की जिम्मेदारी दी गई। वहीं, साक्षी चौहान को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) बनाया गया। इसके अलावा संगीता कुमारी को अपर जिलाधिकारी (एडीएम) और नमरा नाज को पुलिस अधीक्षक (एसपी) का दायित्व सौंपा गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान वर्ष 2020 में पहली बार शुरू किया गया था। इस वर्ष अभियान की थीम है — “नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी सहभागिता”। इसके अंतर्गत महिलाओं को उनके अधिकारों और सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उन्हें समाज में आत्मनिर्भर और सुरक्षित महसूस कराना है। एक दिन की जिलाधिकारी बनीं रहनुमा खान ने डीएम कार्यालय पहुंचते ही अधिकारियों की बैठक बुलाई। उन्होंने विभिन्न विभागों की समीक्षा करते हुए महिला सुरक्षा और जनहित से जुड़े मुद्दों पर दिशा-निर्देश दिए।

रहनुमा ने कहा कि यह अवसर उनके लिए प्रेरणादायक है और वह आगे चलकर प्रशासनिक सेवाओं में जाकर समाज की सेवा करना चाहती हैं। मुख्य विकास अधिकारी साक्षी चौहान ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने वाली योजनाओं जैसे महिला स्वरोजगार, स्वयं सहायता समूह और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान पर विशेष चर्चा की। पुलिस अधीक्षक बनीं नमरा नाज ने महिला सुरक्षा पर जोर देते हुए वुमन हेल्पलाइन 1090 और महिला बीट पुलिसिंग को प्रभावी बनाने की बात कही। जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से न केवल महिलाओं को सम्मान मिल रहा है बल्कि समाज में उनकी भागीदारी बढ़ रही है। उन्होंने लोगों से मिशन शक्ति को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। इस अनोखी पहल ने बालिकाओं में आत्मविश्वास का संचार किया और यह संदेश दिया कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं।

Also Read- Shahjahanpur : शाहजहांपुर के सिमरई में मीना दिवस मनाया गया, एनीमिया मुक्ति और बालिका सशक्तीकरण पर जोर

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow